
जयपुर। गुलाबी नगरी में शुक्रवार सुबह लोकतंत्र का उत्सव शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आने लगीं। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले ही कई बूथों पर लोग पहुंच गए। बुजुर्गों में वोट डालने का उत्साह दिखा तो युवा मतदाता भी पूरे जोश के साथ कतार में नजर आए। महिलाएं भी बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचीं। जयपुर के 150 वार्डों में 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता 723 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
मतदान के बीच जयपुर की मतदाता सूची में दर्ज कुछ अनोखे नाम भी चर्चा का विषय बन गए। सूची में 'राष्ट्रपति', 'ओबामा' और फिल्म अभिनेता के नाम से मिलता-जुलता ‘अमरीश पुरी’ जैसे नाम लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। मतदान केंद्रों पर इन नामों को लेकर मतदाताओं के बीच भी खूब चर्चा रही।
शास्त्री नगर की तेलीपाड़ा कॉलोनी में रहने वाले ‘राष्ट्रपति’ साहू चाट-पकौड़ी की दुकान लगाते हैं। बताया जाता है कि बचपन में दोस्तों ने मजाक-मजाक में उन्हें 'राष्ट्रपति' कहना शुरू किया था। यही नाम धीरे-धीरे उनकी पहचान बन गया और अब मतदाता सूची में भी दर्ज है।
इसी तरह वार्ड 146 की भट्टा बस्ती में रहने वाले एक मतदाता का नाम ‘ओबामा’ दर्ज है। वहीं मतदाता सूची में ‘अमरीश पुरी’ नाम भी सामने आया है, जो फिल्म अभिनेता के नाम से मेल खाता है। सोडाला क्षेत्र की मतदाता सूची में 'फ्रांस' और 'अम्मा' जैसे नाम भी दर्ज मिले।
चुनावी शोर के बीच ये अनोखे नाम मतदान केंद्रों पर लोगों के लिए कौतूहल का विषय बने रहे। शहर में जहां एक ओर मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाल रहे हैं, वहीं मतदाता सूची के ये दिलचस्प नाम भी चुनावी माहौल में अलग रंग घोल रहे हैं।