जयपुर

8 मार्च से होने वाली विश्वविद्याल परीक्षा स्थगित

राजस्थान विश्वविद्यालय अब 12 मार्च से होगी परीक्षा
2 min read
• •
Updated: 7 Mar 2018, 2:59 PM IST
rajasthan university

जयपुर . प्रदेश का सबसे बड़ा राजस्थान विश्वविद्यालय परीक्षा समय पर करवाने में एक बार फिर विफल रहा है। अव्यवस्था की पोल खुलने के बाद यह स्थिति सामने आई है। अगली 8 मार्च से परीक्षा करवाने का दावा करने वाले विवि प्रशासन की पोल खुल गई।

परीक्षा से पहले प्रवेश पत्रों में भारी गलतियां सामने आई। इसी के चलते अब विवि ने स्नातक (विज्ञान, वाणिज्य, कला वर्ग के नियमित व स्वयंपाठी छात्रों) की 8, 9 व 10 मार्च को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी है। अब परीक्षा 12 मार्च से होगी। 12 मार्च से होने वाले पेपर तय टाइम टेबल के अनुसार यथावत रहेंगे। जबकि 8, 9, 10 मार्च को तय पेपर बाद में होंगे।

अब नहीं लेंगे गलती सुधार का शुल्क

वहीं, प्रवेश पत्रों में गलती सुधार और परीक्षा फार्म की हार्डकॉपी जमा करने के नाम पर छात्रों से की जा रही वसूली भी अब नहीं होगी। दरअसल, प्रवेश पत्रों में गलत विषय, फोटो आदि की भारी गलतियां सामने आ रही थी। इन्हें सुधारने के नाम पर विवि प्रशासन छात्रों से 150 रुपए ले रहा था। विवि प्रशासन ने आदेश जारी कर इस शुल्क पर रोक लगा दी है। साथ ही जिन छात्रों से राशि ली गई है, उनके लिए कमेटी बनाई जाएगी। जो छात्रों को राशि लौटाने के संबंध में निर्णय लेगी। राजस्थान पत्रिका ने ६ मार्च के अंक में 'प्रवेश पत्रों में भारी गलतियां, सुधार के लिए भी काट रहे जेब शीर्षक से खबर प्रकाशित कर विवि प्रशासन की लापरवाही प्रकाशित की थी।

प्रशासन पहले भी हो चुका है फेल

- नवंबर, दिसम्बर में परीक्षा आवेदन के समय भी खातों से दो-तीन बार फीस कटने जैसी कई परेशानी आई थी।
- दिसम्बर में हुई सेमेस्टर परीक्षा भी विवि ने स्थगित की थी।
- तय समय से देरी से शुरू हुई थी सेमेस्टर परीक्षा।
- अनियमितिताओं के कारण फर्म का टेंडर भी किया था निरस्त।
- प्रायोगिक परीक्षा की तारीख तय करने के बाद भी कॉलेजों में नहीं पहुंची थी सामग्री।
- प्रायोगिक परीक्षा की तारीख में किए बदलाव।

Published on: