
भवनेश गुप्ता / जयपुर . शहर में अग्निकांडों से आमजन परेशान है वहीं आग बुझाने वाली मशीनरी के जिम्मेदारों में अंधविश्वास की आग भड़क रही है। सत्तारूढ़ दल के कुछ पार्षदों का मानना है कि शहर में बढ़ रही आगजनी की घटनाओं का कारण महापौर की ओर से पिछले दिनों निगम मुख्यालय में कराया गया वास्तु परिवर्तन है। भाजपा पार्षद अनिल शर्मा ने महापौर को लिखे गए पत्र में ऐसी घटना और स्थितियों से निजात दिलाने के लिए जल्द से जल्द बेहतर प्रयास करने की जरूरत जताई। पत्र में कहा कि मुख्य इमारत के चारों ओर रोड का निर्माण, मुख्यालय भवन के प्रवेश व निकास की अलग-अलग व्यवस्था, महापौर कक्ष व इमारत में अन्य जगह वास्तु अनुरूप परिवर्तन किए गए। कई यंत्र भी लगाए गए। इसके बावजूद निगम की छवि निरंतर गिरती जा रही है।
दोष होता तो निगम में हो जाती आगजनी
वास्तुशास्त्री एसके मेहता बोले
-निगम के अग्नि कोण में तो कोई परिवर्तन नहीं किया गया। इसलिए इसका प्रभाव नजर नहीं है। निगम में दोष होता तो यहां कार्यालय में आगजनी की घटनाएं होती।
-नगर निगम के वास्तु में परिवर्तन कर दक्षिण व पश्चिम का गेट बंद करवाया गया। इशान कोण का गेट जो पहले भी खुला था, उसे मुख्य द्वार बनाया गया है। यह वास्तु के हिसाब से शुभ है। हालांकि नगर निगम में दोषों का पूरी तरह से निवारण नहीं हुआ है।
( निगम में वास्तुपरिवर्तन इन्हीं के सान्निध्य में हुआ है)
तीन माह में आठ बड़ी आग
- विद्याधर नगर में एक मकान में आग के कारण पांच लोगों की मौत।
- रोज गार्डन में भयंकर आग लगी।
- सिरसी रोड स्थित मैसूर महल विवाह स्थल तबाह।
- बाइस गोदाम में गोदाम में आग।
- विश्वकर्मा में कैमिकल फैक्ट्री में फायर ब्रिगेड तक जल गई।
- विद्याधर नगर में ही एक कॉम्पलेक्स में आग
- विद्याधर नगर में सिलेंडरों में आग, तीन फटे।
- किशनपोल बाजार में लकड़ी का गोदाम खत्म।