जयपुर

Vande Bharat Express: खुशखबरी, राजस्थान में पांचवीं वंदे भारत ट्रेन की उम्मीदें, राजधानी दिल्ली से होगा सीधा जुड़ाव

Jodhpur Delhi Train: यह ट्रेन सुबह जल्दी जोधपुर से रवाना हो और शाम को दिल्ली से वापसी कर सके। इस व्यवस्था से यात्रियों को एक ही दिन में आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होगी और व्यापार, शिक्षा तथा पर्यटन से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
2 min read
Aug 18, 2025
Vande Bharat Express
Vande Bharat Express (फोटो सोर्स: @AshwiniVaishnaw)

Rajasthan Vande Bharat: जयपुर। राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जोधपुर-दिल्ली रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू किए जाने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जोधपुर-दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का आग्रह किया। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वस्त किया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लिया जाएगा। यदि यह योजना साकार होती है, तो यह राजस्थान की यह पांचवीं वंदे भारत ट्रेन होगी और प्रदेश को देश की राजधानी से आधुनिक और तेज रफ्तार रेल सेवा का तोहफ़ा मिलेगा।

प्रस्तावित जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत

शेखावत ने विशेष रूप से सुझाव दिया है कि यह ट्रेन सुबह जल्दी जोधपुर से रवाना हो और शाम को दिल्ली से वापसी कर सके। इस व्यवस्था से यात्रियों को एक ही दिन में आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होगी और व्यापार, शिक्षा तथा पर्यटन से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से यात्रियों की यह मांग रही है कि दिल्ली से जोधपुर को तेज और आरामदायक ट्रेन मिले। यदि यह ट्रेन शुरू होती है, तो जोधपुर के अलावा राजस्थान के कई जिलों को भी फायदा मिलेगा।

राजस्थान में पहले से चल रही वंदे भारत ट्रेनें

राजस्थान में अब तक चार वंदे भारत ट्रेनें शुरू हो चुकी हैं, जो प्रदेश को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ रही हैं।

1. अजमेर–चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस

यह राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन है, जो 12 अप्रैल 2023 को शुरू हुई। यह अजमेर, जयपुर, गुरुग्राम, दिल्ली और चंडीगढ़ को तेज रफ्तार से जोड़ती है।

2. जोधपुर–साबरमती (अहमदाबाद) वंदे भारत एक्सप्रेस

7 जुलाई 2023 से शुरू हुई यह ट्रेन राजस्थान और गुजरात के बीच व्यापार व पर्यटन को मजबूत कर रही है। पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों के लिए अहमदाबाद तक पहुंच आसान बनाती है।

3. उदयपुर-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस

यह सेवा 25 सितंबर 2023 से शुरू हुई। उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और अजमेर को जयपुर से जोड़ने वाली यह ट्रेन पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों के लिए वरदान साबित हो रही है।

4. उदयपुर–आगरा कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस

2 सितंबर 2024 को शुरू हुई यह ट्रेन उदयपुर से आगरा होते हुए कोटा और सवाई माधोपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरती है। इसने दक्षिणी राजस्थान से उत्तर प्रदेश तक का सफर तेज और सुविधाजनक बना दिया है।

नई ट्रेन से मिलेगा राजधानी दिल्ली से सीधा संपर्क

अब जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत की संभावनाएं और प्रबल हो गई हैं। यह सेवा लागू होने पर राजस्थान को न केवल आधुनिक रेल नेटवर्क मिलेगा, बल्कि प्रदेश की राजधानी जयपुर और देश की राजधानी दिल्ली के बीच आवागमन और भी तेज होगा। इससे व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।

यात्रियों को उम्मीद है कि जल्द ही राजस्थान की पांचवीं वंदे भारत ट्रेन की औपचारिक घोषणा होगी और प्रदेश का दिल्ली से सीधा जुड़ाव और मजबूत होगा।

---

Updated on:
18 Aug 2025 09:49 pm
Published on:
18 Aug 2025 09:49 pm