जयपुर

Voter List: 22 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, प्रक्रिया शुरू, 7 अप्रैल तक दावे-आपत्तियों का मौका

Municipal Elections: नगर निकायों की मतदाता सूची का प्रारूप जारी। मतदाता सूची में सुधार का अवसर: 29 मार्च और 5 अप्रैल को विशेष अभियान।
2 min read
Mar 24, 2026
Feature image

Voter Correction: जयपुर. जिले के नगर निकायों में निर्वाचक नामावलियों (मतदाता सूची) के प्रारूप का प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया है। यह प्रक्रिया संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों द्वारा पूरी की गई, जिसमें नगर निगम जयपुर, नगर परिषद शाहपुरा और विभिन्न नगरपालिकाएं—दूदू, कानोता, खेजरोली, कालाडेरा, बस्सी, फागी, जमवारामगढ़, मनोहरपुर, वाटिका और नरायना शामिल हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी जयपुर मेघराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रारूप मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 24 मार्च से 7 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान आमजन अपने नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 25 मार्च को संबंधित वार्डों में वार्ड सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सभाओं में निर्वाचक नामावलियों का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा, जिससे नागरिक अपने विवरण की पुष्टि कर सकें और किसी भी त्रुटि की जानकारी दे सकें।

इसके अलावा, दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत 29 मार्च और 5 अप्रैल 2026 को सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है। इन दोनों दिनों में पदाभिहित अधिकारी सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे और नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे।

दावे एवं आपत्तियां निर्धारित प्रपत्र 3, 5 और 6 में प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त आवेदनों का विवरण प्रपत्र 8, 9 और 10 में तैयार कर प्रतिदिन संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 15 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने मतदाता विवरण को सही एवं अद्यतन कराएं, ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Updated on:
24 Mar 2026 08:51 pm
Published on:
24 Mar 2026 08:51 pm