जयपुर

Weather Update : आईएमडी की नई भविष्यवाणी, 18-22 मई से बदलेगा राजस्थान का मौसम, जानें मानसून पर नया अपडेट

Weather Update : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार राजस्थान में मौसम फिर पलटेगा। राज्य में 18-22 मई के दौरान 20-30 KMPH गति से सतही तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में मानसून पर नया अपडेट आया।
2 min read
Weather Alert IMD new forecast Rajasthan weather change 18-22 May know monsoon new update
जयपुर में बाजार में टहलतीं लड़कियां। फोटो पत्रिका

Weather Update : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार राजस्थान के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में 18 से 22 मई के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सतही तेज हवाएं चल सकती हैं। आइएमडी जयपुर ने आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। मौसम केंद्र के अनुसार, आगामी दिनों में बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और चूरू जिले में तापमान फिर 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं हीटवेव चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, जयपुर, अलवर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में पारा चढ़ने की संभावना है।

शनिवार को सबसे गर्म रहा फलोदी

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में उदयपुर, सिरोही, अजमेर, राजसमंद के एरिया में दिन में धूप थोड़ी कमजोर रही। प्रदेश में शनिवार को सबसे गर्म फलोदी रहा। जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री रहा।

मौसम केंद्र के अनुसार 4 दिन तक बारिश की संभावना नहीं है। हीटवेव के साथ गर्मी भी बढ़ेगी। राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ने की आशंका है।

जयपुर में आज सुबह 7 बजे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में शनिवार दिनभर जयपुर में तेज गर्मी रही। जयपुर के मौसम का आज सुबह 7 बजे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मानसून की रफ्तार तेज, छह दिन पहले पहुंचा अंडमान

मानसून पर मौसम विभाग का अपडेट है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। इस बार मानसून सामान्य समय से पहले पहुंच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य से छह दिन पहले शनिवार को मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के कई हिस्सों, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और श्री विजयपुरम सहित अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर चुका है।

अगले 3-4 दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। गति के अनुसार, मानसून के 26 मई तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना है।

राजस्थान में समय से पहले पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार यदि मानसून की यही रफ्तार रहेगी तो राजस्थान में मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। राजस्थान में अधिकतर मानसून 25 जून के आस-पास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके करीब 5-6 दिन पहले यानी 19-20 जून के आस-पास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Updated on:
17 May 2026 09:15 am
Published on:
17 May 2026 07:44 am