
ग्राफिक्स फोटो पत्रिका + AI
Jaipur Crime : जयपुर शहर के एक थाना क्षेत्र में बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शुक्रवार रात पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची 12 वर्षीय बच्ची के सात महीने की गर्भवती होने का खुलासा हुआ। यह जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। बाद में पुलिस काउंसलिंग में बच्ची ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और मामले की जांच कर रही है।
एसीपी हरिशंकर शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात को किशोरी ने परिजन को पेट में दर्द होना बताया, तब परिजन उसको अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि किशोरी करीब 7 माह की गर्भवती है। इस पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने किशोरी की काउंसलिंग करवाई, तब उसने बताया कि उसके मम्मी-पापा काम पर चले जाते, तब अंकल ने उसको अकेला देखकर गलत काम किया।
पुलिस ने बताया कि मूलत: सवाईमाधोपुर के मलारना डूंगर निवासी 31 वर्षीय आरोपी जयपुर में रहकर मजदूरी करता है। आरोपी के दो बेटे व एक बेटी है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पत्नी व बच्चे गांव गए हुए थे, तब आरोपी ने पड़ोस में रहने वाली बच्ची को घर में अकेला देख उससे घिनौनी करतूत की।
वहीं जयपुर के एक अन्य मामले में दस वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ अश्लीलता करने वाले पड़ोसी को जयपुर महानगर-प्रथम की पॉक्सो कोर्ट ने सख्त सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी को 20 वर्ष के कारावास और 80 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ऐसे घिनौने कृत्य के लिए अपराधी के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जा सकती। समाज में कड़ा संदेश देने के लिए ऐसे मामलों में सख्त सजा होना अनिवार्य है।
मामले में पीड़िता के पिता ने 19 अगस्त 2025 को शहर के एक थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार 30 जुलाई 2025 को पड़ोसी आरोपी ने दस साल की बेटी को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया। वहां उसने बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाए और उसके साथ गलत हरकतें कीं। आरोपी ने पीड़िता को डराया-धमकाया भी कि वह इस बारे में किसी को न बताए। इसके बाद आरोपी ने 17 अगस्त को दोबारा बच्ची को अपने घर बुलाकर गंदी हरकत दोहराई। डरी हुई पीड़िता ने जब परिजन को आपबीती बताई, तब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
Published on:
17 May 2026 06:51 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
