
Relationship Crime Case: जयपुर। जयपुर जंक्शन के नजदीक स्थित एक धर्मशाला में ठहरे दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अलवर जिले के खेड़ला निवासी 32 वर्षीय शेर सिंह ने सोमवार रात अपनी पत्नी रविता की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण पत्नी पर शक करना बताया जा रहा है।
मंगलवार सुबह परिजनों को शेर सिंह के मोबाइल स्टेटस पर संदेह हुआ, जिसमें उसने कुछ लोगों पर आरोप लगाए थे। इसके बाद परिजन लोकेशन के आधार पर जयपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित धर्मशाला पहुंचे। कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद दरवाजा खुलवाकर अंदर दोनों के शव बरामद किए।
मृतका के भतीजे संजय जाटव (निवासी बानसूर) की रिपोर्ट पर शेर सिंह सहित संदीप यादव, राजेंद्र और राहुल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक अलवर के खेड़ला निवासी 32 वर्षीय शेर सिंह सरकारी टीचर थे और करौली जिले में पोस्टेड थे। टीचर ने रात को मोबाइल पर स्टेट्स लगाया था। इसमें कुछ लोगों पर पत्नी से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। परिजनों ने सुबह स्टेट्स देखा तब पता चला।
मृतका के भतीजे संजय जाटव ने पुलिस को बताया कि दोनों 30 मार्च को जयपुर आए थे। वह पत्नी को डॉक्टर को दिखाने लाए थे। दवाइयां भी मिली हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।