जयपुर

जयपुर में महिला ने परिचित युवक का काटा प्राइवेट पार्ट, घर में घुसकर बलात्कार की कोशिश का आरोप

राजधानी जयपुर के ज्योति नगर क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महिला ने एक परिचित युवक का प्राइवेट पार्ट ब्लेड से काट दिया। घटना में युवक लहूलुहान हो गया, जिसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं महिला का आरोप है कि युवक ने उसे घर में अकेला पाकर बलात्कार का प्रयास किया।
2 min read
May 30, 2026
jaipur Crime
सांकेतिक तस्वीर (फोटो-एआई)

जयपुर। राजधानी जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक महिला ने अपने परिचित युवक पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं महिला का आरोप है कि युवक ने उसके साथ जबरदस्ती और बलात्कार का प्रयास किया था, जिसके बचाव में उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी महिला को डिटेन किया है, उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम एक 33 वर्षीय महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक युवक पानी पीने के बहाने उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर युवक लहूलुहान हालत में मिला। उसके गले और निजी अंग पर धारदार वस्तु से वार किए गए थे। पुलिस ने तत्काल उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

दोनों के अलग-अलग आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और घायल युवक कई सालों से एक-दूसरे के परिचित हैं। शनिवार शाम युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसके बाद दोनों के बीच क्या हुआ, इसे लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

अकेला पाकर बलात्कार करने की कोशिश का आरोप

महिला का आरोप है कि युवक ने उसे घर में अकेला पाकर बलात्कार करने की कोशिश की। विरोध करने और खुद को बचाने के लिए उसने ब्लेड से युवक पर वार कर दिया। घटना के बाद महिला ने स्वयं पुलिस को सूचना देकर पूरी घटना की जानकारी दी।

हाल ही में युवक की हुई थी शादी

वहीं जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती युवक ने महिला के खिलाफ जानलेवा हमला करने की शिकायत दर्ज कराई है। युवक का आरोप है कि महिला ने उस पर हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवक की हाल ही में शादी हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

महिला से पूछताछ कर रही पुलिस

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। महिला को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है, जबकि घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों, मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

Updated on:
30 May 2026 11:16 pm
Published on:
30 May 2026 11:16 pm