Rajasthan weather news: मेघगर्जन और तेज हवा की चेतावनी, 15 मार्च तक कई जिलों में बारिश के आसार। पश्चिमी विक्षोभ का असर: राजस्थान में फिर बदला मौसम, तापमान 40°C से नीचे रहने के संकेत।
IMD Weather Update: जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शनिवार शाम प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।विभाग की ओर से शाम करीब साढ़े छह बजे जारी किए गए अलर्ट में अगले तीन घंटे के दौरान जयपुर और अजमेर जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग ने शनिवार शाम तक दो बार यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 14 और 15 मार्च को राजस्थान के कई क्षेत्रों में मौसम का प्रभाव बना रह सकता है। खासकर जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों के उत्तरी भागों के साथ ही गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बारिश होने की संभावना है।
विभाग का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। इससे फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।
इसके अलावा मौसम वैज्ञानिकों ने 18 से 20 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में फिर से तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।