जैसलमेर

मुख्यमंत्री के जैसलमेर आने से पहले मोहनगढ़ में डिस्कॉम का सब डिविजन खोलने के आदेश

- सहायक अभियंता की भी हुई नियुक्ति  
2 min read
Aug 25, 2018
Before CM visits, order to open Diskom sub division in mohangarh
मुख्यमंत्री के जैसलमेर आने से पहले मोहनगढ़ में डिस्कॉम का सब डिविजन खोलने के आदेश

जैसलमेर/मोहनगढ़. जिले के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में बसने वाले निवासियों को मुख्यमंत्री के जैसलमेर आगमन से पहले बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार की ओर से मोहनगढ़ में डिस्कॉम के सब डिविजन की स्थापना के आदेश जारी कर सहायक अभियंता की नियुक्ति भी कर दी। इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने गत 13 अगस्त के अंक में ‘जैसलमेर जिले को पकड़ा दिया केवल घोषणाओं का झुनझुना’ खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। गौरतलब है कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या के लिए विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के चांदन स्थित कार्यालय जाना पड़ता था। जिसकी वजह से ग्रामीणों व किसानों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने बजट में मोहनगढ़ में एक अप्रेल से सहायक अभियंता का कार्यालय खोलने की घोषणा भी की गई थी। उसके बावजूद चार माह बाद भी सहायक अभियंता का कार्यालय नहीं खुल पाया था। इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने 5 अगस्त के अंक में ‘मोहनगढ़ में बिजली संबंधी समस्या...’ शीर्षक से भी समाचार का प्रकाशन किया था। साथ ही किसानों द्वारा मुख्यमंत्री की जैसलमेर यात्रा के दौरान मुद्दा उठाने की बात भी कही थी। अब जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा मोहनगढ़ में सहायक अभियंता का कार्यालय खोलने की कार्रवाई कर ली है। मुख्यमंत्री के जैसलमेर आने से पूर्व ही संदीप तातेड़ कनिष्ठ अभियंता को सहायक अभियंता (ओ एंड एम) मोहनगढ़ के पद पर लगाया गया है। संदीप तांतेड़ ने तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय पर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। वहीं अगले एक दो दिन में सहायक अभियंता कार्यालय मोहनगढ़ में काम करना शुरू कर देगा। मोहनगढ़ में सहायक अभियंता कार्यालय के खुलने से ग्रामीणों में खुशी देखने को मिल रही है।

मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन
जैसलमेर. मुख्यमंत्री के जैसलमेर आगमन पर विभिन्न लोगों व संस्थाओं आदि ने उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपे। राजस्थान एकीकृत महासंघ अधिक अंक अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती 2012 के प्रवक्ता दिलीप शेरा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर नियुक्ति देने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में स्वरूपदान, अशोक सैन, देवपाल चारण और गणपत प्रजापत शामिल थे। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ सघर्ष समिति के सयोजक भंवरलाल गर्ग, सह सयोजक रावल सिंह भाटी, उपाध्यक्ष जगमालसिंह भाटी ने सात सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। जिला टेनिस संघ की ओर से उन्हें इंदिरा इंडोर स्टेडियम में सिंथेटिक टेनिस कोर्ट बनाने के लिए ज्ञापन दिया। सचिव बाबूलाल शर्मा ने बताया कि स्पोट्र्स विभाग जयपुर द्वारा 100 लाख का बजट दो बास्केटबॉल व एक टेनिस कोर्ट के लिए स्वीकृत किये गए थे लेकिन सारा बजट बास्केटबॉल पर खर्च कर दिया गया। इसी तरह से डाबला के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाहरी नदी पर बड़ा पुलिया बनवाने की मांग की ताकि अतिवृष्टि के दौरान लोगों को बाढ़ जैसे हालात का सामना नहीं करना पड़े। विद्यार्थी मित्र शिक्षक संघ ने जिलाध्यक्ष अलादीन चानिया के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर विद्यार्थी मित्रों और पंचायत सहायकों के लिए स्थायी रोजगार की मांग की।

Published on:
25 Aug 2018 11:52 am