
सीएम राजे ने जैसलमेर में नहरी क्षेत्र किसानों के लिए की यह बड़ी घोषणा, जानिए पूरी खबर
जैसलमेर. जैसलमेर के नहरी क्षेत्र के किसानों का राजस्थान गौरव यात्रा के तहत बड़े तोहफे की घोषणा मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राजस्थान गौरव यात्रा में जैसलमेर और रामदेवरा में की। उन्होंने चार जिलों में नहरी ढांचे में सुधार के लिए चार हजार करोड़ की योजना स्वीकृत करने, 42 साल पहले बंद की गई बारानी जमीन के आवंटन को फिर से प्रारंभ करने और मरु उद्यान क्षेत्र (डीएनपी) के बाड़मेर-जैसलमेर के 72 गांवों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आ रही कानूनी अड़चनों का शीघ्र समाधान करवाने का वादा किया।
मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने जोधपुर संभाग की यात्रा का आगाज जैसलमेर में शक्ति सम्मेलन से किया। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण का यह आगाज शक्ति की आशीष से कर रही हूं। आमसभा हनुमान चौराहे पर हुई जहां उन्होंने बारानी जमीन के आबंटन का भरोसा देते हुए कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उनसे पूछिए कि यह आवंटन क्यों रोका था? मुख्यमंत्री ने कहा कि वे डीएनपी क्षेत्र के लोगों का दर्द समझती है। यहां मूलभूत सुविधाए मिले और न्यायालय की भी अड़चन नहीं रहे ऐसी योजना बनाई है। इसके लिए कमेटी गठित कर आगामी दिनो में समाधान कर दिया जाएगा। रामगढ़ द्वितीय क्षेत्र के लंबित आवंटन की फाइलें भी शीघ्र ही निपटाने का वादा किया।
कानाफूसी से रहे सावधान
बाड़मेर-जैसलमेर में पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत ङ्क्षसह की पुत्रवधू चित्रासिंह की सक्रियता पर उन्होंने बिना नाम लिए तंज कसा कि कानाफूसी करने वाले चाहे जितना जोर लगा लें उन्हें इसकी कोई परवाह नहीं है। चाहे तो पूरे शहर को काले झंडों से भर दे, वे इससे घबराती नहीं हैं। क्या वे बहकाने वालों की बातों में आएंगे? तब भीड़ ने हाथों से इशारा कर कहा, नहीं।
कांग्रेस ने कागजों में किया काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के 50 महीनों में किए गए कार्यों की तुलना कांग्रेस के 50 साल के शासन से करें। कांग्रेस केवल कागजों में काम करती है, वह इसमें माहिर है। हमने धरातल पर काम कर दिखाया है।
400 करोड़ के कार्य करवाए है
वसुंधरा राजे ने बाड़मेर की बहुचर्चित रिफाइनरी को लेकर कहा कि 400 करोड़ के कार्य हो चुके है। कांग्रेस ने केवल वाहवाही लूटी थी, हम काम कर रहे है।
शक्ति सम्मेलन में कहा-हर महिला मुख्यमंत्री
‘शक्ति सम्मेलन’ में महिलाओं से कहा कि आप सब मुख्यमंत्री हो। राजे ने कहा कि वे महिला और पुरुष दो ही जातियां मानती हैं। महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओ को बताते हुए कहा कि बेटियों को पढ़ाएं और उनको आगे बढ़ाएं। इस मौके पर नगरपरिषद की सभापति कविता खत्री, पूर्व जिला प्रमुख रेणुका भाटी, सूर्यप्रभा नाचना, गिरधर कंवर, जयंती कंवर, सुधा पुरोहित, करुणा कंवर, समता व्यास आदि ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री को महिलाओं ने चुनरी ओढ़ाकर व तलवार भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हवा में तलवार लहराकर कहा कि महिलाएं इस देश की शक्ति है।
Published on:
25 Aug 2018 11:37 am
