जैसलमेर

भाईदूज के मौके पर जैसलमेर सीमा पर पहुंचे सीएम भजनलाल, महिला सुरक्षा प्रहरियों से बंधवाया रक्षा सूत्र

भाईदूज के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जैसलमेर की सरहद पर बीएसएफ की महिला जवानों के साथ पर्व मनाया। महिला सुरक्षा प्रहरियों ने सीएम की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा तो मुख्यमंत्री ने उनके साहस और राष्ट्रसेवा के जज्बे को सलाम किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने तनोट माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 5:24 PM IST
CM bhajan lal jaisalmer
Jaisalmer: बीएसएफ के जवानों से मिलते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका)

जैसलमेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को भाईदूज का पर्व जैसलमेर की सरहद पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवानों के बीच मनाया। इस दौरान महिला सुरक्षा प्रहरियों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाईदूज की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को पर्व की बधाई देते हुए उनके साहस, समर्पण और देश की सीमाओं की सुरक्षा में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की। सरहद पर जवानों के बीच भाईदूज मनाने का यह कार्यक्रम खास रहा।

मुख्यमंत्री एक दिवसीय दौरे पर जैसलमेर पहुंचे थे। यहां सबसे पहले उन्होंने प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर में दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे सीमा सुरक्षा बल के जवानों के बीच पहुंचे। बीएसएफ की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

बहनों का आशीर्वाद मिलना गर्व की बात- सीएम

महिला जवानों से रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद मिलना उनके लिए गर्व का विषय है। आज तनोट माता के दर्शन के साथ बहनों का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में महिला जवानों का योगदान और उनका अदम्य साहस पूरे देश के लिए प्रेरणा है। विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने बीएसएफ के जवानों से मुलाकात के दौरान उनके कार्यों की सराहना की और भाईदूज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात जवानों के कारण ही प्रदेश और देश के नागरिक सुरक्षित महसूस करते हैं।

तनोट माता के दरबार में मांगी प्रदेश की खुशहाली

इससे पहले मुख्यमंत्री ने तनोट माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा कि मां तनोट राय का दिव्य आशीर्वाद राजस्थान पर सदैव बना रहे। माता की कृपा से राजस्थान विकास, समृद्धि और प्रगति के नए शिखरों को छुए, यही प्रार्थना है। इस दौरान विधायक छोटू सिंह भाटी, सीमा सुरक्षा बल राजस्थान फ्रंटियर के आईजी डॉ. विकास पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बीएसएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
11 Nov 2026, 5:24 PM IST
Published on: