
जैसलमेर/ फतेहगढ़.
उपखंड मुख्यालय स्थित डांगरी चौराहे के समीप बने पाबूजी महाराज के मंदिर में स्थापित मूर्ति शुक्रवार रात्रि में तोडऩे पर शनिवार को माहौल गरमा गया। कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित प्राचीन पाबूजी मंदिर नेशनल हाइवे 68 के विस्तारकरण के कारण सडक के बीच में आने से सर्व समाज व ग्राम पंचायत फतेहगढ की ओर से करीब एक वर्ष पूर्व डांगरी चौराहे के समीप तालाब की पाल के पीछे स्थापित किया गया था। मंदिर को लेकर दो गुटों में विवाद चल रहा था।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर
शुक्रवार रात्रि को मंदिर में पाबूजी की मूर्ति, लोहे के तार, जाली और पत्थर की पट्टियों को तोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर जैसलमेर पुलिस उपाधीक्षक गोपाल शर्मा, तहसीलदार निरभाराम कोडेचा, पुलिस उपाधीक्षक एससी एसटी सैल महेन्द्रसिंह राजवी, बीएसएफ डिप्टी कमांडेट राकेशकुमार शर्मा, सांगड़ पुलिस थानाधिकारी घेवरसिंह गुंसाईवाल सहित कई थानों की पुलिस और काफी संख्या में पुलिसबल व बीएसएफ के जवान मौके पर पहूंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।