
नाचना (जैसलमेर): जैसलमेर जिले के नाचना थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अजासर गांव के पास पत्थर की पट्टियों से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में केबिन के ऊपर सो रहे एक ही परिवार के दो भाइयों की भारी-भरकम पट्टियों के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
नाचना थानाधिकारी सुमेरदाना ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह करीब 6 बजे थाना क्षेत्र से 40 किलोमीटर दूर अजासर गांव के पास हुआ। पत्थर की पट्टियों से लदा ट्रक बालसेर से नाचना की ओर जा रहा था। ट्रक में एक ही परिवार के कुल पांच लोग सवार थे। सफर के दौरान अचानक ट्रक की स्टीयरिंग फेल हो गई। इसी बीच, बारिश के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पहिया आते ही ट्रक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पलटने से केबिन के ऊपर सो रहे दो लोग सैकड़ों किलो वजनी पत्थर की पट्टियों के नीचे पूरी तरह दब गए। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने मिलकर हथौड़ों से पत्थर की पट्टियों को तोड़ा। करीब आधे घंटे तक चले कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान फलोदी के देचू स्थित नई नाड़ी सगरा निवासी लाखाराम (36) पुत्र धनाराम भील और अमराराम (37) पुत्र दुर्गाराम भील के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, हादसे में घायल मुकेश (35) पुत्र हरूराम भील, घेवरराम (38) और गणपत राम (44) का निकटतम अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शवों को मोर्चरी में रखवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।