जैसलमेर

जैसलमेर में बड़ा हादसा: डिग्गी में डूबने से 4 बच्चों की मौत, मृतकों में 3 सगी बहनें और 1 ममेरा भाई

जैसलमेर जिले के रूपसी गांव में खेत की पानी की डिग्गी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में तीन सगी बहनें और उनका ममेरा भाई शामिल हैं। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 7:24 PM IST
jaisalmer farm pond accident
मृतक बच्चे मोरू (16) और दिलीप (18) (पत्रिका फोटो)

Jaisalmer Farm Pond Accident: जैसलमेर जिले के रूपसी गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। खेत में बनी पानी की गहरी डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों और उनके ममेरे भाई की मौत हो गई। तीनों बहनें छुट्टियां बिताने अपने ननिहाल आई हुई थीं। दोपहर में बच्चे खेत में खेल रहे थे। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गई। उसे डूबता देख बाकी तीनों बच्चे भी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए, लेकिन डिग्गी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण चारों की डूबने से मौत हो गई।

हादसा सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव में दोपहर करीब तीन बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, खेत में चार बच्चों के साथ एक छोटा बच्चा भी मौजूद था। उसने चारों को डिग्गी में डूबते देखा तो दौड़कर पास के खेत में काम कर रहे लोगों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

जेसीबी से तोड़ी डिग्गी, बाहर निकाले शव

डिग्गी गहरी होने के कारण बच्चों को बाहर निकालने में परेशानी हुई। इसके बाद मौके पर जेसीबी बुलाई गई। उसकी मदद से डिग्गी को तोड़कर पानी खाली किया गया। काफी मशक्कत के बाद चारों बच्चों के शव बाहर निकाले जा सके। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण चारों बच्चों को तत्काल जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

मृतकों में तीन सगी बहनें और ममेरा भाई शामिल

हादसे में रूपसी निवासी दिलीप (18) पुत्र अम्रतराम भील की मौत हो गई। वहीं, सिपला निवासी नारायणराम भील की तीन बेटियां मोरू (16), धीया (14) और माया (12) भी हादसे का शिकार हो गईं। तीनों बहनें ननिहाल में छुट्टियां बिताने आई थीं। एक साथ चार बच्चों की मौत से रूपसी और सिपला गांव में शोक की लहर छा गई। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
13 Nov 2026, 7:24 PM IST
Published on: