
जैसलमेर। पाकिस्तान से सटी पश्चिमी राजस्थान की सरहद पर दीपावली की रात दीपों की रोशनी और देशभक्ति के उत्साह के नाम रही। सीमांत चौकियों पर तैनात जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के साथ दीपोत्सव मनाया। तारबंदी के किनारे सजे दीपकों की कतारों ने सीमांत क्षेत्र को जगमगा दिया, वहीं रंगोलियों की रंगीन छटा ने चौकियों की रौनक बढ़ा दी। धोरों के बीच आतिशबाजी की चमक और देशभक्ति के गीतों की गूंज ने उत्सव के उल्लास को और खास बना दिया।
दीपावली के अवसर पर जवानों ने मिलकर सीमांत चौकियों को सजाया। महिला सुरक्षा प्रहरियों ने भी रंगोलियां बनाकर और दीप सजाकर उत्सव में भागीदारी निभाई। रोशनी से सजी चौकियों पर देशभक्ति के गीतों के बीच जवानों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।
परिवारों से दूर रहकर सीमा की निगरानी कर रहे इन जवानों के लिए साथियों का साथ ही त्योहार की सबसे बड़ी खुशी बना। दीपावली पर परिवार की याद स्वाभाविक रूप से जवानों को भावुक करती रही, लेकिन साथियों ने एक-दूसरे का संबल बनकर इस कमी को महसूस नहीं होने दिया।
कोई साथी उदास नजर आया तो दूसरे ने उसका हौसला बढ़ाया। आपसी अपनत्व और सामूहिक उत्सव ने सीमांत चौकियों पर परिवार जैसा माहौल बना दिया।
धोरों के बीच आतिशबाजी की रोशनी ने रात के अंधेरे में उत्सव के रंग बिखेर दिए। दीपों से जगमगाती तारबंदी और रोशनी से सजी चौकियों के बीच जवानों के चेहरों पर उत्साह और गर्व नजर आया। सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने परिवारों से अलग रहकर भी उन्होंने त्योहार की खुशियां साझा कीं। दीपावली की रात उनके लिए केवल उत्सव नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण और साथियों के बीच एकजुटता का प्रतीक बन गई। सीमाओं की चौकसी के बीच उनका ‘कर्तव्य प्रथम’ का संकल्प भी रोशनी की तरह अडिग दिखाई दिया।