जैसलमेर

जैसलमेर: सालों से मुझे सताया गया… कांस्टेबल की मौत से पहले का वीडियो आया सामने, परिजन ने उठाई गिरफ्तारी की मांग

जैसलमेर के मोहनगढ़ में कांस्टेबल अनुरोध सिंह की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। सामने आए वीडियो में उसने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए, जिसके बाद परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Jaisalmer constable Anurodh Singh death
कांस्टेबल अनुरोध सिंह (Photo-Patrika)

मोहनगढ़ (जैसलमेर)। इंदिरा गांधी नहर में कांस्टेबल अनुरोध सिंह की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मामले में एक वीडियो सामने आया है जिसके बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। मौत से पहले बनाए गए बताए जा रहे इस वीडियो में अनुरोध सिंह ने अपने ससुराल पक्ष पर कई वर्षों से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो की जानकारी सामने आने के बाद परिजन भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए हैं। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आबूरोड़ सदर थाने में तैनात था अनुरोध

बाड़मेर निवासी अनुरोध सिंह पुलिस विभाग में कांस्टेबल था और वर्तमान में आबूरोड़ सदर थाने में तैनात था। पुलिस के अनुसार मंगलवार को वह जैसलमेर के मोहनगढ़ क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर की जीरो आरडी पर पहुंचा था। यहां सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर किसान धरना दे रहे थे। अनुरोध थोड़ी देर के लिए किसानों के पास रुका और उनके साथ चाय भी पी। इसके कुछ देर बाद ही उसके नहर में गिरने की सूचना मिली।

नहर से निकाला शव, परिजन पहुंचे मोहनगढ़

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अनुरोध सिंह को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी जानाकारी कांस्टेबल के परिवार के सदस्यों को दी गई। जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी मोहनगढ़ पहुंचे। इसी बीच अनुरोध सिंह का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर लंबे समय से परेशान करने के आरोप लगाए हैं।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

परिजन ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया और धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों ने परिजन से बातचीत कर समझाइश का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अब अनुरोध सिंह के नहर तक पहुंचने की परिस्थितियों, सामने आए वीडियो और परिजन की ओर से लगाए गए आरोपों सहित मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की गुत्थी सुलझने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Updated on:
07 Oct 2026 09:51 am
Published on:
07 Oct 2026 09:51 am