
Jaisalmer Dating App Crime: राजस्थान के जैसलमेर में डेटिंग एप के जरिए युवक को मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल व एटीएम कार्ड छीन लिया। इसके बाद यूपीआई के जरिए उसके बैंक खाते से 1 लाख 42 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। वारदात की सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को जैसलमेर निवासी दलेंद्र भाटिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि चार लोग उसे गाड़ी में बैठाकर जैसलमेर शहर से दूर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद खाते से 1 लाख 42 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड भी छीन लिया। वारदात में काले रंग की क्रेटा गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पीड़ित ग्राइंडर डेटिंग एप के जरिए आरोपियों के संपर्क में आया था। आरोपियों ने मिलने के लिए उसे जैसलमेर के गीता आश्रम के पास अपनी लोकेशन साझा करने को कहा। इसके बाद एक व्यक्ति गाड़ी लेकर वहां पहुंचा और पीड़ित को अपने साथ बैठा लिया।
कुछ दूरी पर उसके अन्य साथी भी गाड़ी में बैठ गए। इसके बाद आरोपी पीड़ित को जबरदस्ती जैसलमेर शहर से दूर बरमसर की तरफ ले गए। वहां उसके साथ मारपीट कर यूपीआई के जरिए रुपए ट्रांसफर करवाए और एटीएम कार्ड छीन लिया। आरोपियों ने पीड़ित के फोटो और वीडियो भी बनाए और उसे सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला और वृताधिकारी रूपसिंह इन्दा के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीमों ने जैसलमेर शहर के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर छह संदिग्धों को दस्तयाब कर लिया। आरोपियों की गाड़ी को भी बाजार की गलियों में घेरकर पकड़ लिया गया। पुलिस ने यूपीआई ट्रांजेक्शन होल्ड करवाने की कार्रवाई भी की है।
पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शिवम जाट (21), दक्ष कुमार जाटव (20), कृष्ण प्रजापति (23), यश सिंह जाट (19), शुभम पाल (23) और रचना भाटी (19) शामिल हैं। पुलिस ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।