जैसलमेर जिले के पोकरण में सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदला। तेज बौछारों के साथ करीब आधे घंटे बारिश और ओलावृष्टि हुई। 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को राहत मिली।
Jaisalmer Weather Update: राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर की परमाणु नगरी पोकरण में सोमवार को कुदरत का एक अनोखा रूप देखने को मिला। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और आग उगलती लू से बेहाल स्थानीय लोगों को सोमवार दोपहर अचानक हुई झमाझम बारिश और ओलावृष्टि से बड़ी राहत मिली है।
बता दें कि सुबह जहां सूरज अपने रौद्र रूप में था। वहीं, दोपहर बाद आधे घंटे की बारिश ने पूरे कस्बे का मिजाज ही बदल दिया। तहसील कार्यालय में लगे रेनगेज के अनुसार, सोमवार को पोकरण में 9 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
सोमवार सुबह की शुरुआत हमेशा की तरह तीखी धूप और लू के थपेड़ों के साथ हुई। सुबह 10 बजते-बजते पारा इतना चढ़ गया कि भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया। दोपहर 1 बजे तक बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसर गया था। लोग चिलचिलाती धूप से बचने के लिए इंडोर ही रहे।
दोपहर 1 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। नीले आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और देखते ही देखते सूरज बादलों के पीछे छिप गया। दोपहर करीब 2:45 बजे अचानक तेज गर्जना के साथ बौछारें शुरू हुईं। लगभग 30 मिनट तक झमाझम बारिश जारी रही। इस तेज बारिश के कारण कस्बे की मुख्य सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया।
बारिश के साथ ही पोकरण में ओलावृष्टि भी देखने को मिली। आसमान से छोटे और चने के आकार के ओले गिरे। अचानक हुई इस ओलावृष्टि का बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया और वे सड़कों पर ओले बीनते नजर आए।
आधे घंटे की इस बारिश और ओलावृष्टि ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी का असर पूरी तरह खत्म कर दिया। मौसम ठंडा और बेहद खुशनुमा हो गया। हालांकि, बारिश थमने के बाद एक बार फिर सूरज की किरणें निकलीं, लेकिन आसमान में बादलों की मौजूदगी और चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से काफी निजात मिली है।