जैसलमेर

Maru Mahotsav 2026: मनीष बने मिस्टर और वर्षा भाटी के सिर सजा मिस पोकरण का ताज

Maru Mahotsav 2026: अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव का शुभारंभ परमाणु नगरी पोकरण से भव्य रूप से हुआ। नेपालेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक के बाद शोभायात्रा निकाली गई। लोक नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिस्टर और मिस पोकरण प्रतियोगिता आकर्षण रही।
2 min read
Jan 29, 2026
Maru Mahotsav 2026 (Patrika Photo)

Maru Mahotsav 2026: पोकरण (जैसलमेर): विश्व विख्यात स्वर्णनगरी जैसलमेर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव का इस वर्ष शुभारंभ परमाणु नगरी पोकरण से भव्य और पारंपरिक अंदाज में किया गया।

शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे सालमसागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में जिला कलक्टर प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, उपखंड अधिकारी हीर सिंह चारण, अधिशासी अधिकारी झब्बर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आचार्य पंडित यश पुरोहित के सानिध्य में भगवान शिव का अभिषेक कर महोत्सव की मंगल शुरुआत की।

इसके पश्चात अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर और बैलून उड़ाकर मंगल कलश एवं भव्य शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा में बीएसएफ के ऊंटसवार जवानों ने देशभक्ति का संदेश दिया। वहीं, लोक कलाकारों की ओर से कच्छी घोड़ी, गैर और गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।

सिर पर मंगल कलश लिए बड़ी संख्या में बालिकाएं और युवतियां तथा सजी-धजी झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान पहुंची।

मैदान में भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर तथा गोल्डन बैलून उड़ाकर मरु महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें लोक नृत्य और संगीत ने समां बांध दिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित मिस्टर पोकरण और मिस पोकरण प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें पोकरण निवासी मनीष कुमार भाटी को मिस्टर पोकरण तथा लोहारकी निवासी वर्षा भाटी को मिस पोकरण का खिताब प्रदान किया गया।

इसके अलावा रस्सा-कस्सी और साफा बांधो प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनके विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मरु महोत्सव पोकरण प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी हीर सिंह चारण ने सभी अतिथियों, कलाकारों और आमजन का आभार व्यक्त किया।

Updated on:
29 Jan 2026 02:46 pm
Published on:
29 Jan 2026 02:44 pm