जैसलमेर

जैसलमेर: 50 हजार की रिश्वत लेते नाचना का पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, आवास पर छापेमारी और जांच जारी

Jaisalmer ACB Action: जैसलमेर में एसीबी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाचना उपनिवेशन विभाग के पटवारी लखबीर यादव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई हुई। आरोपी के सरकारी आवास पर तलाशी जारी है और आय से अधिक संपत्ति की भी जांच की जा रही है।
less than 1 minute read
Jul 03, 2026
Jaisalmer Patwari Arrested In Nachna
जैसलमेर के नाचना में पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार (पत्रिका फाइल फोटो)

Jaisalmer Patwari Arrested In Nachna: जैसलमेर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नाचना उपनिवेशन विभाग के पटवारी लखबीर यादव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी उसका सरकारी काम जानबूझकर अटका रहा है और काम के निपटारे के बदले भारी रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत मिलने पर एसीबी के अधिकारियों ने मामले की गोपनीय जांच करवाई। सत्यापन के दौरान जब रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हो गई, तो टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित कार्रवाई की।

तय योजना के अनुसार, परिवादी रिश्वत की राशि लेकर पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी लखबीर यादव ने परिवादी से 50 हजार रुपए की नकदी अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।

आवास पर छापेमारी और जांच जारी

गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम आरोपी पटवारी को लेकर उसके सरकारी आवास पहुंची। वहां टीम द्वारा अलमारियों, बैंक खातों, जमीन-जायदाद के कागजातों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सघन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके पास उपलब्ध आय से अधिक संपत्ति के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। तलाशी और दस्तावेजों की पूरी जांच होने के बाद मामले के अन्य विस्तृत तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे। इस कार्रवाई से इलाके के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

Updated on:
03 Jul 2026 03:14 pm
Published on:
03 Jul 2026 03:11 pm