जैसलमेर

Rajasthan: पोकरण में टेंट हाउस गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Pokran Fire News: पोकरण क्षेत्र में स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह गोदाम फलसूंड रोड पर आबादी के बीच मौजूद है, जिससे आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
2 min read
Apr 12, 2026
Phokhran Fire
आग लगने के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

जैसलमेर। पोकरण क्षेत्र में बीती रात एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह गोदाम फलसूंड रोड पर आबादी के बीच स्थित है, जिससे आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा सामान धू-धू कर जलने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को खबर दी। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ राहत कार्य में सहयोग करती रही।

यह वीडियो भी देखें :

रिहायशी इलाके में था गोदाम

आग लगने के दौरान आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और उन्होंने भी आग बुझाने में सहयोग किया। चूंकि गोदाम रिहायशी इलाके के पास था, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।

शार्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गोदाम में शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में उपयोग होने वाले महंगे टेंट का सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

टेंट हाउस संचालक की हालत बिगड़ी

घटना के समय टेंट हाउस संचालक भी मौके पर मौजूद था, जिसकी हालत आग की घटना देखकर बिगड़ गई। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे संभाला और सांत्वना दी। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

Updated on:
12 Apr 2026 04:01 pm
Published on:
12 Apr 2026 03:56 pm