
रामदेवरा. आगामी सितम्बर माह में शुरू होने वाले बाबा रामदेव के अंतरप्रांतीय मेले को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसी के अंतर्गत सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से गांव में क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत व नवीनीकरण का कार्य शुरू किया गया है। गौरतलब है कि गत दिनों जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन कर 27 अगस्त तक सभी तैयारियां व व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से गत दो दिनों से सडक़ों की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। विभाग के अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि रेलवे स्टेशन रोड पर सडक़ का नवीनीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा गांव की अन्य क्षतिग्रस्त सडक़ों की भी मरम्मत कर डामरीकरण किया जाएगा।
बैठक में लिया नशामुक्ति का लिया संकल्प
लाठी. गांव में स्थित मां नागणेच्चियां माता मंदिर में गुरुवार को एक बैठक का आयोजन कर नशामुक्ति का संकल्प लिया गया। नागणेची मंदिर समिति की ओर से आयोजित बैठक में नशे से होने वाले दुष्परिणामों व फैलने वाली बीमारियों को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष इगाराम, उपाध्यक्ष मिथुन बनानी, सचिव प्रयागाराम, रेंवताराम, बागाराम, पेमाराम, फूसाराम, पुष्पादेवी, सीमादेवी, सवाईराम, गेनाराम, रमेशकुमार सहित लोग उपस्थित थे।
खिलाडिय़ों का किया स्वागत
नाचना. राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेकर यहां पहुंची कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की खिलाडिय़ों का स्वागत किया गया।
प्रधानाध्यापिका करमजीतकौर ने बताया कि जिला मुख्यालय पर स्काउट गाइड की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने भाग लिया था। उन्होंने बताया कि खो-खो में प्रथम, कबड्डी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर छात्राओं ने क्षेत्र का नाम रोशन किया। इसी प्रकार 100 मीटर में पूजाकंवर ने प्रथम, देवकी ने द्वितीय, 400 मीटर में पूजाकंवर ने प्रथम, रतन ने द्वितीय, गोला फैंक में डाली ने प्रथम, गीता ने द्वितीय, भाला फैंक में डाली ने प्रथम, तारो ने द्वितीय, लम्बी कूद में सरीफा ने प्रथम, पूजा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टीम प्रभारी बीना तिवारी व खिलाडिय़ों का गुरुवार को यहां पहुंचने पर स्वागत किया गया। स्थानीय संघ के सचिव ओमभारती ने विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।