जैसलमेर

Rajasthan News: नदी में गिरी राजस्थान के पर्यटकों की कार, तीन की मौत, चार लोग लापता

उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जैसलमेर निवासी तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता हैं।

2 min read
नदी में गिरी कार
नदी में गिरी कार

उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जैसलमेर निवासी तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता हैं। एक बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा देवप्रयाग क्षेत्र के साकनीधार स्थित गंगा दर्शन होटल के पास हुआ, जहां पर्यटकों से भरी कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में अलकनंदा नदी में गिर गई।

हरिद्वार जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार जैसलमेर से उत्तराखंड घूमने आए आठ लोग कार में सवार होकर हरिद्वार की ओर जा रहे थे। सुबह देवप्रयाग के पास अचानक वाहन चालक का कार से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कार सड़क से नीचे फिसलती हुई सीधे अलकनंदा नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन नदी के तेज बहाव में पूरी तरह डूब गया।

तीन शव निकाले, बच्चा गंभीर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। राहत दल ने नदी से तीन लोगों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान जैसलमेर के दरिया नाथ बावड़ी निवासी कमला, अखिलेश और दिनेश के रूप में हुई है। हादसे में घायल आयुष्मान को पहले श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

चार लोगों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार गुड्डी देवी, जाह्ववी, नंबरदार और एक अन्य व्यक्ति अभी लापता हैं। इनके नदी में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष बचाव अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की जा रही है।

तीन बचाव दल मौके पर तैनात

हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। राज्य आपदा मोचन बल की व्यासी, श्रीनगर और ढालवाला इकाइयों की तीन टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर गहरी खाई और नदी का तेज बहाव राहत कार्य में बड़ी चुनौती बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन तेज गति में था, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश पूरी होने तक बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा।

Updated on:
02 Jun 2026 05:43 pm
Published on:
02 Jun 2026 05:35 pm