जैसलमेर

जैसलमेर न्यूज: रामदेवरा के काहला फायरिंग रेंज में मिला क्षत-विक्षत शव, जांच में जुटी मिलिट्री इंटेलिजेंस

जैसलमेर के रामदेवरा स्थित काहला आर्मी फायरिंग रेंज में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर मिलिट्री इंटेलिजेंस, सेना और पुलिस मौके पर पहुंची। शव के पास एक बाइक भी मिली है।
2 min read
Aug 05, 2026
Jaisalmer News
घटना स्थल की तस्वीर (पत्रिका फोटो)

रामदेवरा (जैसलमेर): जैसलमेर जिले के काहला स्थित सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फायरिंग रेंज जैसे संवेदनशील और प्रतिबंधित क्षेत्र में शव मिलने की खबर फैलते ही प्रशासनिक और सैन्य महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही जैसलमेर के रामदेवरा पुलिस थानाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए मिलिट्री इंटेलिजेंस और सेना के उच्च अधिकारी भी तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया। संयुक्त टीमों ने मौका-मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।

घटना स्थल से मोटरसाइकिल बरामद

घटना स्थल से शव के पास ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के प्रयासों में जुटी हुई है। शव काफी पुराना और क्षत-विक्षत अवस्था में होने के कारण प्राथमिक दृष्टि में उसकी पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका। आसपास के गांवों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किसी हादसे का परिणाम है या कुछ और। चूंकि मामला सेना के फायरिंग रेंज से जुड़ा है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। यह भी जांच का विषय है कि सुरक्षा घेरे को पार कर कोई व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित रेंज के भीतर कैसे पहुंचा।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है तथा उसे स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, सेना और पुलिस की संयुक्त टीमें मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।

Updated on:
05 Aug 2026 01:55 pm
Published on:
05 Aug 2026 12:48 pm