जैसलमेर

Rajasthan News: सिर पर वार कर महिला की हत्या, शादी में गया था पति, लौटने पर घर में मिला पत्नी का लहूलुहान शव

जैसलमेर जिले के दूरस्थ झिनझिनयाली गांव के पास स्थित बीरे की ढाणी में अज्ञात लोगों ने घर में घुस कर महिला की हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
2 min read
Apr 22, 2026
Jaisalmer woman murder
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस। फोटो पत्रिका

जैसलमेर। जिले के दूरस्थ झिनझिनयाली गांव के पास स्थित बीरे की ढाणी में अज्ञात लोगों ने घर में घुस कर महिला की हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई । बताया जा रहा है कि जब हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया, तब महिला घर में अकेली थी और उसका पति किसी शादी समारोह में भाग लेने गया हुआ था। दो दिन बाद जब वह बुधवार को लौटा तो महिला का लहूलुहान शव घर में नजर आया।

घटना की सूचना मिलने पर झिनझिनियाली पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गम्भीरता के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे भी अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हत्या करने के आरोपियों की सरगर्मी से तलाश के दिशा-निर्देश जारी किए।

प्रथम दृष्टया यह पाया गया हथु देवी (50) की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर की गई है । वह और उसका पति अमराराम चौधरी मूल रूप से कानोड़ (बायतु) के निवासी हैं। करीब 13 साल से अपने खेत में लगे ट्यूबवेल पर निवास कर रहे थे। हथु देवी के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

महिला के जेवर व जीरा सुरक्षित

महिला के शरीर पर सोने-चांदी के जेवर सुरक्षित मिले हैं। इसके साथ ही घर में रखा 28 बोरी जीरा भी सुरक्षित मिला है। ऐसे में पुलिस हत्या के उद्देश्य के रूप में लूट की बजाय रंजिश अथवा किसी अन्य कारण से होने की आशंका जताकर जांच को आगे बढ़ा रही है। महिला के 2 बेटे और एक बेटी है। वे सभी कानोड़ में रहते हैं।

दूसरी ओर बताया जाता है कि घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर गायब है। घटनास्थल के आसपास संदिग्धों के पैरों के निशान भी मिले हैं। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पैरों के निशान और गायब ट्रैक्टर के आधार पर पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

तत्परता से की जा रही जांच

पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि झिनझिनियाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले की जांच तत्परतापूर्वक की जा रही है। हत्या किस उद्देश्य से की गई, इसका पता भी लगाया जा रहा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही हैं।

Updated on:
22 Apr 2026 07:28 pm
Published on:
22 Apr 2026 07:28 pm