
लक्ष्मण प्रसाद और उनके चचेरे भाई लक्ष्मण राम (फोटो- पत्रिका)
Barmer Accident: बाड़मेर जिले में नेशनल हाइवे-68 (जैसलमेर-बाड़मेर) पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत में कानासर ग्राम पंचायत के सरपंच (प्रशासक) और उनके चचेरे भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और वह काफी दूर तक सड़क पर घसीटती चली गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कानासर निवासी लक्ष्मण प्रसाद (25), उनका चचेरा भाई लक्ष्मण राम उर्फ लिच्छाराम (25) और उनका दोस्त उम्मेदाराम (25) मंगलवार रात शिव कस्बे में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात करीब 1 बजे जब तीनों बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव कानासर लौट रहे थे, तभी गूंगा गांव के पास एक पेट्रोल पंप के समीप यह हादसा हुआ।
शिव थानाधिकारी सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गूंगा सरहद में पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक सवारों के सामने अचानक दूसरा वाहन आ गया। उस वाहन से बचने की कोशिश में बाइक सीधे सामने से आ रहे जीरे से भरे ट्रक की चपेट में आ गई।
ट्रक की रफ्तार अधिक होने के कारण बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे और बाइक ट्रक के साथ काफी दूर तक घसीटती चली गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को एंबुलेंस की मदद से शिव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने लक्ष्मण प्रसाद और लक्ष्मण राम को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल उम्मेदाराम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाड़मेर और फिर वहां से जोधपुर रेफर कर दिया गया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बुधवार सुबह पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सुपुर्द कर दिया। मृतक लक्ष्मण प्रसाद कानासर ग्राम पंचायत के प्रशासक (सरपंच) के रूप में कार्यरत थे, जबकि लक्ष्मण राम पेशे से मकान बनाने का कारीगर था। एक ही परिवार के दो चिराग बुझने से कानासर गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है। मृतक के परिजन पीराराम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
Updated on:
22 Apr 2026 03:09 pm
Published on:
22 Apr 2026 02:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
