
Barmer School Bus Accident (Patrika Photo)
Barmer School Bus Accident: बायतु (बाड़मेर): बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाइवे-25 पर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
बता दें कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बस को करीब 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इस दर्दनाक हादसे में एक 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक बच्चे घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की बस बुधवार सुबह करीब 8 बजे अलग-अलग गांवों से बच्चों को लेकर बायतु स्थित स्कूल की ओर जा रही थी। बस में करीब 36 से 50 बच्चे सवार थे।
जैसे ही बस बायतु पेट्रोल पंप के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद हाइवे पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के कारण कई मासूम बच्चे सीटों के बीच और बस के मलबे में बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जेसीबी मशीन मंगवाई गई। जेसीबी की सहायता से बस के लोहे को काटकर और सीटों को अलग कर अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया।
बायतु थानाधिकारी मनोहर विश्नोई ने बताया कि हादसे में घायल हुए 20 बच्चों में से 9 की हालत गंभीर थी, जिन्हें बालोतरा के नाहटा अस्पताल रेफर किया गया। इनमें से एक छात्र विरधाराम (14) पुत्र पूराराम निवासी भीमरलाई की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे जोधपुर रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
वर्तमान में बालोतरा के नाहटा अस्पताल में 8 गंभीर घायल बच्चों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकतर बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है। घायलों में शामिल हैं, प्रेम (12), गोविंद (14), हितेश (10), प्रकाश (12), तेजपाल (9), रेखाराम (12), यशवंत (6) और अरविंद (12)।
घटना की सूचना मिलते ही बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट और बायतु थानाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अस्पताल जाकर बच्चों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Updated on:
22 Apr 2026 09:20 pm
Published on:
22 Apr 2026 11:36 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
