जालौन

Jalaun News:घात, पिटाई और फिर कार से रौंदा: उरई में 65 वर्षीय बुजुर्ग पर दरिंदगी की हद पार

Elderly Assault Case:उरई के सिरसा कलार क्षेत्र में 65 वर्षीय वृद्ध पर कार सवार युवकों ने पहले लाठी-डंडों से हमला किया, फिर कार चढ़ा दी। गंभीर हालत में झांसी रेफर किया गया, पुलिस ने चार नामजद समेत छह पर केस दर्ज किया।
2 min read
Apr 03, 2026
Feature image

जालौन,उरई के सिरसा कलार थाना क्षेत्र में एक 65 वर्षीय वृद्ध पर कार सवार युवकों द्वारा की गई बर्बर मारपीट और उसके बाद कार चढ़ाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को पहले उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार नामजद समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, खड़गुई मुस्तिकल गांव निवासी जितेंद्र ने थाना सिरसा कलार में तहरीर देकर बताया कि उसके चाचा अरविंद सिंह उर्फ किशनजी (65) गुरुवार शाम अपने साथी शान मोहम्मद के साथ दमरास गांव डीजल लेने पैदल गए थे। देर शाम जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी जूनियर हाईस्कूल दमरास के पास पहले से घात लगाए कार सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

तहरीर के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने अरविंद सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान जब उनके साथ मौजूद शान मोहम्मद ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावर उसकी ओर भी झपटे। जान का खतरा देखते हुए वह किसी तरह मौके से भाग निकला। इसके बाद आरोपियों ने वृद्ध को बेरहमी से पीटा, जिससे वह अधमरा होकर जमीन पर गिर पड़ा।

आरोप है कि इसके बावजूद हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और दमरास गांव निवासी मौसम भदौरिया ने जानलेवा इरादे से घायल वृद्ध के ऊपर कार चढ़ा दी। इस घटना में अरविंद सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में अरविंद सिंह को उरई मेडिकल कॉलेज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।इस मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दमरास गांव निवासी मौसम भदौरिया, राहुल भदौरिया, अटरा कलां निवासी राघव गुर्जर, बिनौरा बैध निवासी अनिरुद्ध और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

वही क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही सभी को पकड़कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आपसी रंजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Updated on:
03 Apr 2026 06:33 pm
Published on:
03 Apr 2026 06:33 pm