जालौन

Gyadin Ahirwar Murder Case: कालपी बार संघ अध्यक्ष ग्यादीन अहिरवार की हत्या, जालौन से कार में अगवा किया; कानपुर में मिला शव

Gayadeen Ahirwar Murder News: जालौन के कालपी बार संघ के अध्यक्ष ग्यादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई है। उनका शव कानपुर के सचेंडी इलाके में मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानिए पूरा मामला...
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 12:30 PM IST
Gayadeen Ahirwar Murder, Kalpi Bar Association President Gayadeen Ahirwar, UP News, UP Police, Crime News
कालपी बार संघ अध्यक्ष ग्यादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या (PC: X/@Sachingupta)

Kalpi Bar Association PresidentGayadeen Ahirwar Murder Case: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कालपी बार संघ के अध्यक्ष ग्यादीन अहिरवार की अपहरण के बाद निर्मम हत्या कर दी गई है। शनिवार को उन्हें कालपी के दुर्गा मंदिर चौराहे से एक कार में अगवा किया गया था। इसके बाद रविवार सुबह कानपुर के सचेंडी इलाके में उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद से स्थानीय अधिवक्ताओं और उनके परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फाइल देने के बहाने चौराहे पर बुलाया

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ग्यादीन अहिरवार शनिवार को किसी काम से उरई गए थे। दोपहर करीब 4 बजे वह रोडवेज बस से कालपी के दुर्गा मंदिर चौराहे पर उतरे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें फाइल देने के बहाने चौराहे पर ही रोक लिया गया था। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक उन्हें कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। जब वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचे और उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा तो परिजनों की चिंता काफी बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने अन्य अधिवक्ताओं के साथ कालपी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी।

कानपुर के सचेंडी इलाके में बरामद हुआ शव

रविवार की सुबह परिजनों और पुलिस को दुखद खबर मिली। ग्यादीन अहिरवार का शव कानपुर के सचेंडी इलाके में बरामद हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनका अपहरण जालौन के कालपी से किया गया था और बाद में हत्या करके शव कानपुर में फेंक दिया गया। वारदात दो अलग-अलग जिलों से जुड़ी होने के कारण अब दोनों जिलों की पुलिस की भूमिका अहम हो गई है। हालांकि, अभी तक आरोपियों की पहचान और इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह का आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।

बेटे ने अधिवक्ताओं और पुलिस को दी थी सूचना

ग्यादीन अहिरवार के लापता होने के बाद उनके बेटे हर्ष मित्रा ने बार संघ के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद भारी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस को औपचारिक प्रार्थना पत्र सौंपा था। शुरुआती तौर पर पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की थी लेकिन रविवार को उनका शव मिला। ग्यादीन अहिरवार कालपी बार संघ के काफी लोकप्रिय अध्यक्ष थे। दिसंबर 2023 में हुए चुनाव में उन्होंने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की थी। उनकी हत्या की खबर से पूरे स्थानीय अधिवक्ता समुदाय में गहरा रोष है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।