जालौन

जालौन: नीट एग्जाम में कम नंबर आने का सदमा नहीं बर्दाश्त कर सकी छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

Jalaun News: हमीरपुर में नीट में अच्छे नंबर ना आने पर एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसकी इलाज के दौरान मौत। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
2 min read
Jul 19, 2026
पोस्टमार्टम हाउस में बैठे परिजन, फोटो सोर्स- पत्रिका
पोस्टमार्टम हाउस में बैठे परिजन, फोटो सोर्स- पत्रिका

Student Suicide: हमीरपुर की रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा नीट (National Eligibility cum Entrance Test) में अच्छे अंक ना आने से हताश हो गई और तनाव में रहने लगी। तनाव की स्थिति को देखते हुए घर वालों ने समझने का प्रयास किया। इसी बीच छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत खराब होते ही घर वाले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घर वालों का कहना है कि उन्हें यह नहीं पता था कि उनकी बेटी यह कदम उठा लेगी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अच्छे अंक ना आने पर उठाया कदम

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर की राठ दीवानपुरा निवासी श्रुति साहू (18) पुत्री महेंद्र साहू ने नीट की परीक्षा दी थी, जिसमें उसे आशा के अनुरूप नंबर नहीं मिले। जिससे उसका डॉक्टर बनने का सपना पूरा नहीं हुआ और श्रुति साहू को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश नहीं मिला।

छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाया

पिता महेंद्र साहू ने बताया कि कोटा में नीट की तैयारी कर रही थी। परीक्षा में अच्छे नंबर ना आने के कारण श्रुति तनाव में रहने लगी। घरवाले भी इस बात को समझ रहे थे। श्रुति घर में गुमसुम रहने लगी। परिजन काफी समझाने का प्रयास भी कर रहे थे, लेकिन श्रुति साहू का तनाव कम नहीं हुआ। उसने खौफनाक कदम उठा लिया। घर वालों के अनुसार श्रुति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इसकी जानकारी हुई। आनन-फानन श्रुति को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।

मेडिकल कॉलेज में भी अंतिम सांस

राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में डॉक्टरों के अथक प्रयास से भी नहीं बचाया जा सका। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घटना के संबंध में परिजनों से बातचीत की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
19 Jul 2026 05:49 pm
Published on:
19 Jul 2026 05:45 pm