जालौन

मातम में बदलीं शादी की खुशियां, जालौन में नदी में डूबकर 3 युवकों की मौत, मध्य प्रदेश से आया था परिवार

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन में नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से MP के 3 युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। गोताखोरों ने 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार शवों को बाहर निकाला।

2 min read
Jun 18, 2026
Three youths from MP died after drowning in a river
नदी में डूबने से MP के तीन युवकों की मौत (फोटो- पत्रिका)

Jalaun Drowning Case: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुरा में पहुज नदी में डूबने से मध्य प्रदेश के 3 युवकों की मौत हो गई है। ये तीनों युवक जालौन में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाल लिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मिहौना थाना क्षेत्र स्थित लिधौरा गांव निवासी चरण सिंह बघेल के परिवार में शुक्रवार को शादी समारोह था। बुधवार को तिलक का कार्यक्रम संपन्न हुआ था और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच गुरुवार दोपहर को गर्मी से राहत पाने और घूमने के उद्देश्य से करीब 14 युवक जालौन जनपद के गोपालपुरा गांव के पास बहने वाली पहुज नदी पर पहुंच गए।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

नदी में नहाने के दौरान जगमोहन बघेल (19 वर्ष), सुमीप बघेल (17 वर्ष) और अवनीभ यादव (20 वर्ष) अचानक गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों डूबने लगे। उनके साथ मौजूद अन्य युवकों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन, वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस प्रशासनिक अधिकारी और गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंच गए। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों ने तीनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। माधौगढ़ इंस्पेक्टर अभिलाख मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बता दें कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।