जालोर

जालोर में कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक पड़ा उल्टा: प्रत्याशी ने नामांकन लिया वापस; BJP के सुरेश बगरेचा निर्विरोध निर्वाचित

जालोर में आहोर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर बीजेपी के सुरेश कुमार बगरेचा निर्विरोध निर्वाचित हुए। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी जोगेंद्र सिंह ने शुक्रवार को नामांकन वापस ले लिया। इससे पहले बगरेचा वार्ड 18 से भी निर्विरोध पार्षद चुने गए थे। बीजेपी के पास 13, कांग्रेस के 8 और निर्दलीय चार पार्षद हैं।
2 min read
• •
Updated: 18 Sep 2026, 3:04 PM IST
suresh bagrecha elected unopposed
Suresh Kumar Bagrecha Elected Unopposed (Patrika Photo)

Ahore Nagar Palika Chairman Election: जालोर जिले की आहोर नगर पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चुनावी गहमागहमी शुक्रवार को समाप्त हो गई। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी जोगेंद्र सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद बीजेपी प्रत्याशी सुरेश कुमार बगरेचा को निर्विरोध नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया। नामांकन वापसी की प्रक्रिया शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे पूरी हुई।

आहोर एसडीएम रोहित चौहान ने बताया, अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को बीजेपी और कांग्रेस की ओर से नामांकन दाखिल किए गए थे। बीजेपी की ओर से वार्ड संख्या 18 से निर्विरोध पार्षद चुने गए सुरेश कुमार बगरेचा ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा था।

वहीं, कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 15 से चुनाव लड़ चुके जोगेंद्र सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। शुक्रवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया के दौरान जोगेंद्र सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए सुरेश कुमार बगरेचा ही एकमात्र प्रत्याशी रह गए। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

पार्षद पद पर भी निर्विरोध चुने गए थे बगरेचा

सुरेश कुमार बगरेचा के लिए यह लगातार दूसरी राजनीतिक सफलता है, जिसमें उन्हें चुनावी मुकाबले का सामना नहीं करना पड़ा। हाल ही में हुए नगर पालिका चुनाव में उन्होंने वार्ड संख्या 18 से बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके सामने कांग्रेस के मुकेश कुमार प्रत्याशी थे। हालांकि, कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद सुरेश कुमार बगरेचा वार्ड 18 से निर्विरोध पार्षद चुने गए थे।

अब अध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद वे निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इस तरह पार्षद से लेकर नगर पालिका अध्यक्ष बनने तक दोनों ही चुनावों में बगरेचा बिना मुकाबले के निर्वाचित हुए।

25 वार्डों में भाजपा के 13 पार्षद

आहोर नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। चुनाव परिणाम में बीजेपी ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के 8 पार्षद निर्वाचित हुए। वहीं, 4 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी के पास बहुमत का आंकड़ा होने के बावजूद कांग्रेस ने जोगेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया था। बताया गया कि कांग्रेस ने जातीय समीकरण को साधने के उद्देश्य से चुनाव में जोगेंद्र सिंह पर दांव लगाया था। हालांकि, नामांकन वापसी के बाद अध्यक्ष पद का चुनाव निर्विरोध हो गया।

बीजेपी खेमे में जश्न

सुरेश कुमार बगरेचा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने बगरेचा को बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। निर्विरोध निर्वाचन को स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की रणनीति की सफलता के तौर पर देखा। वहीं, विधायक छगन सिंह राजपुरोहित की रणनीति को भी इस पूरे घटनाक्रम में कामयाबी मिलने की चर्चा रही।