
जालोर। सांचौर से गुजरने वाले भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। तेज रफ्तार, वाहनों की टक्कर, गलत दिशा से आवाजाही, सड़क पर बिखरी गिट्टी और प्रतिबंधित दोपहिया वाहनों की एंट्री लगातार हादसों का कारण बन रही है। सोमवार को सांचौर और देवड़ा के बीच चौरा सरहद के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत में शिक्षक दंपती की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में हेमागुड़ा निवासी राजूराम बिश्नोई और उनकी पत्नी मंजू बिश्नोई की मौत हो गई। राजूराम हाड़ेतर में अध्यापक पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी मंजू सांकड़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। एक ही हादसे में शिक्षक दंपती की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे हुए हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसी दौरान पूर्व सांसद देवजी पटेल भी एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और मौके पर पहुंचकर लोगों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने शवों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई। इसके बाद शवों को राजकीय अस्पताल सांचौर की मोर्चरी में भिजवाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सांचौर क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर पूर्व में भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। बार-बार होने वाली दुर्घटनाएं बताती हैं कि मार्ग पर यातायात सुरक्षा, प्रतिबंधित वाहनों की रोकथाम और निगरानी व्यवस्था की प्रभावी समीक्षा जरूरी है।
भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दोपहिया वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है, इसके बावजूद बाइक सवार इस मार्ग पर लगातार नजर आ रहे हैं। पहले भी बाइक दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया वाहन एक्सप्रेस-वे तक पहुंच कैसे रहे हैं, यह सवाल अब भी अनुत्तरित है। क्या प्रवेश मार्गों पर पर्याप्त निगरानी नहीं है। क्या प्रतिबंधित वाहनों को रोकने के लिए जिम्मेदार एजेंसियां प्रभावी कार्रवाई कर रही है। हादसों के बाद जांच होती है, लेकिन बाइक की एंट्री रोकने और गलत दिशा से आने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं बन पा रही।
गलत दिशा से वाहनों की आवाजाही, तेज रफ्तार, सड़क पर बिखरी गिट्टी और प्रतिबंधित वाहनों का प्रवेश जैसे मामले लगातार सामने आ रहे है। इसके बावजूद हादसों की पुनरावृत्ति होना एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है।
3 जुलाई 2025: भादरूणा के पास कार और ट्रक की भिड़ंत में 12 वर्षीय बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हुए।
30 अगस्त 2025: बागोडा-सांचौर भारतमाला मार्ग पर सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण दो लग्जरी गाड़ी, एक कार और पिकअप ट्रोला आपस में भिड़ गए। वाहनों को नुकसान हुआ, लेकिन जनहानि नहीं हुई।
28 अक्टूबर 2025: लाछड़ी टोल प्लाजा के पास गलत दिशा से आ रही लग्जरी गाड़ी की दूसरी कार से भिड़ंत में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हुई, जबकि चार घायल हुए।
5 नवंबर 2025: देवड़ा के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत और दो घायल हुए। बाइक पर चार युवक सवार थे और उनके गलत दिशा से आने की बात सामने आई।
23 नवंबर 2026: चौरा सरहद, सांचौर देवड़ा के बीच ट्रक और बाइक की भिड़ंत में शिक्षक राजूराम बिश्नोई और उनकी पत्नी मंजू बिश्नोई की मौत हो गई।