जालोर

Jalore: मांडवला टोल प्लाजा पर दबंगई, पैसे मांगे तो सीधे निकाल ली पिस्टल, लहराते हुए दी जान से मारने की धमकी

जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के मांडवला गांव स्थित टोल प्लाजा पर कार चालक ने टोलकर्मी को पिस्टल दिखाकर धमकाया और बिना टोल चुकाए वहां से भाग निकला। टोल मैनेजर की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को डिटेन किया।
2 min read
May 14, 2026
Jalore Crime Update
मांडवला टोल प्लाजा पर दबंगई, टोल मांगा तो लहराई पिस्टल (फोटो सोशल मीडिया)

जालोर: राजस्थान के जालोर जिले से अपराध और बेखौफ बदमाशों की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के मांडवला गांव स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कार चालक ने महज चंद रुपयों के टोल को लेकर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की कनपटी पर पिस्टल तान दी।

बता दें कि आरोपी युवक ने न केवल कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी, बल्कि सरेआम हथियार लहराते हुए बिना टोल चुकाए फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मंगलवार रात करीब 8:16 बजे की है। मांडवला टोल प्लाजा के मैनेजर रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बिशनगढ़ की ओर से सायला की तरफ जा रही जालोर रजिस्ट्रेशन की एक कार टोल गेट पर आकर रुकी। जब वहां मौजूद टोल कर्मियों ने कार चालक से नियमानुसार टोल राशि की मांग की, तो चालक आगबबूला हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चला रहे युवक ने बिना किसी डर के अपनी खिड़की से पिस्टल बाहर निकाली और सीधे टोलकर्मी की ओर तान दी। आरोपी ने हवा में हथियार लहराते हुए चिल्लाकर कर्मचारी को धमकाया और दहशत फैलाते हुए अपनी गाड़ी भगा ले गया।

सीसीटीवी में कैद हुई 'गुंडागर्दी'

टोल प्लाजा पर हुई यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी युवक बेखौफ होकर हथियार का प्रदर्शन कर रहा है। घटना के बाद टोल कर्मचारियों में भारी डर का माहौल पैदा हो गया। मैनेजर की शिकायत पर बिशनगढ़ पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक टीम गठित की गई। टोल प्लाजा से मिले गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान खुशवंत सिंह राजपूत निवासी चांदणा के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर बुधवार को आरोपी युवक को डिटेन (दस्तयाब) कर लिया है।

हथियार को लेकर गहन पूछताछ जारी

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया है। अब सबसे बड़ा सवाल आरोपी के पास मौजूद हथियार को लेकर है। पुलिस युवक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि उसके पास पिस्टल कहां से आई? क्या यह हथियार लाइसेंस प्राप्त है या अवैध? पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है।

Published on:
14 May 2026 11:11 am