
भीनमाल। लूणी-समदड़ी-भीलड़ी रेललाइन के दोहरीकरण कार्य के तहत यहां के रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदलेगा। दोहरीकरण के लिए स्टेशन पर रेल व मालगाड़ियों के अप-डाउन संचालन के लिए अलग से ऑपरेटिंग ऑफिस बनेगा। साथ ही फुट ओवरब्रिज को भी नया बनाया जा रहा है। ऐसे में आने वाले समय में यहां स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। अमृत भारत योजना के तहत भीनमाल स्टेशन को हेरिटेज लुक दिया गया है। स्टेशन जैसलमेर के पीले पत्थर से चमक रहा है। अब रेल ट्रेक के दोहरीकरण के चलते स्टेशन का स्वरूप बदला जा रहा है।
यह वीडियो भी देखें
दोहरीकरण कार्य के चलते रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-2 को तोड़कर नया प्लेटफार्म बनेगा। पहले यह स्टेशन सिंगल लाइन के लिए बना हुआ है, लेकिन दोहरीकरण कार्य के चलते अप व डाउन के लिए यहां डबल लाइन बिछेगी। ऐसे में प्लेटफार्म-2 को तोड़कर नया प्लेटफार्म तैयार होगा।
समदड़ी-भीलड़ी रेलखण्ड पर लम्बी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन से यहां स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ी है। चैन्नई-भगत की कोठी, साबरमती-जैसलमेर व दिल्ली-भुज एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को लम्बी दूरी की यात्रा करने में काफी सुविधा हो रही है साथ ही यात्रियों की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।
समदड़ी-भीलड़ी रेलखण्ड के दोहरीकरण के तहत यहां स्टेशन का स्वरूप बदला जा रहा है। ऐेसे में आने वाले समय में यहां सुविधाएं बढ़ेगी। यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
वहीं दूसरी तरफ अजमेर रेलवे के डीआरएम राजू भूतड़ा ने सोजत रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य को देखा। उन्होंने अधिकारियों को काम समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्टेशन का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। शीघ्र ही पूरा होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका की ओर से रेलवे ग्राउंड में गंदे नाले का पानी छोड़े जाने से फैल रही गदंगी की शिकायत की, इस पर अधिकारियों को समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।
आपको बता दें कि हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान के लोगों को अनेक महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और सेवाओं का उपहार दिया था। उन्होंने जोधपुर से विभिन्न रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया औरतथा जैसलमेर में कोच केयर कॉम्पलेक्स का शुभारम्भ किया। साथ ही जालोर से रेल मंत्री की ओर से भुज-जालोर-पाली-दिल्ली नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे जालोर, पाली और आसपास के क्षेत्रों को पहली बार दिल्ली और भुज से सीधा रेल संपर्क प्राप्त हुआ।