
ज्ञापन के साथ पति। फोटो- पत्रिका
बारां। छीपाबड़ौद क्षेत्र के देवरीजोध में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में दिलचस्प मामला सामने आया। एक पति अपनी पत्नी को पीहर से वापस बुलाने के लिए सरकारी अधिकारियों के पास गुहार लगाने पहुंच गया। आम तौर पर जमीनी विवाद, नामांतरण और पट्टा संबंधी समस्याओं के लिए जाने जाने वाले इस शिविर में इस तरह का पारिवारिक मामला आने से वहां मौजूद लोग और अधिकारी भी हैरान रह गए।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार, बारां के पाडल्या गांव के निवासी हेमराज लोधा ने शिविर प्रभारी और पटवार मंडल देवरीजोध के पटवारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। हेमराज ने बताया कि उसकी पत्नी शांति बाई निवासी ग्राम बाबड थाना सारथल किसी बात से नाराज होकर हमेशा के लिए अपने पिता के घर चली गई है। अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए उसने लिखा कि साहब पत्नी को मनाने और वापस लाने का हरसंभव प्रयास किया। वह गांव के कुछ गणमान्य लोगों और ग्रामीणों को साथ लेकर उसके गांव भी गया, लेकिन तमाम कोशिशों और पंच-पटेलों के हस्तक्षेप के बाद भी पत्नी वापस लौटने को तैयार नहीं है। थक-हारकर पीड़ित पति ने सरकारी तंत्र का दरवाजा खटखटाया।
वहीं दूसरी तरफ अंता के पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलसरा शिविर में आठ अर्द्धघुमंतू एवं विमुक्त परिवारों को आवासीय पट्टे जारी किए गए। उपखंड अधिकारी अंता हवाई सिंह यादव ने बताया कि पूर्व में पंचायत की ओर से अर्द्ध घुमंतू एवं विमुक्त परिवारों का सर्वे किया गया। पंचायत के पास आबादी भूमि का अभाव था। ग्राम पंचायत अमलसरा एवं विकास अधिकारी राधेश्याम भील के प्रयासों से आबादी भूमि विस्तार का प्रस्ताव उपखंड कार्यालय से जिला कलक्टर को भिजवाया गया।
कलक्टर की ओर से आबादी भूमि विस्तार के आदेश जारी किए गए, उसी भूमि पर वंचित परिवारों को शिविर के दौरान पट्टे जारी कर वितरित किए गए। शिविर प्रभारी तहसीलदार मंजूर अली दीवान ने बताया कि शिविर में सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शिविर में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी सत्य प्रकाश गर्ग, सरपंच अंजना चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी ओमप्रकाश छंदक, कृष्ण कुमार कानूनगो, दीपचंद पटवारी, नीता मीणा सुपरवाइजर, निशा शर्मा, प्रियंका कुमारी कनिष्ठ भियंता जलदाय विभाग, डॉ. दुर्गा अंजना मेघवाल आयुर्वेद चिकित्सक, प्रवीण गुजर समाज कल्याण विभाग एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Published on:
16 Jun 2026 08:21 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
