जालोर

राजस्थान में यहां दो सरकारी विभाग आमने-सामने, डिस्कॉम ने काटा रेलवे ओवरब्रिज का कनेक्शन, राहगीर परेशान

jalore News: दो सरकारी विभागों के बीच की रार आम जनता के लिए मुसीबत बन गई है। बकाया बिल का हवाला देकर बिजली विभाग ने जालोर में रेलवे ओवरब्रिज का कनेक्शन काट दिया, जिससे राहगीर परेशान हो रहे हैं।

2 min read
Apr 12, 2026
जालोर-आहोर रोड पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर छाया अंधेरा (फोटो-पत्रिका)

जालोर। पीडब्ल्यूडी (एनएच) और डिस्कॉम के बीच रार का खामियाजा जालोर-आहोर मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज से गुजरने वाले वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। मार्च माह में बकाया बिल का हवाला देते हुए डिस्कॉम की ओर से इस रेलवे ओवरब्रिज का कनेक्शन काट दिया गया। मार्च में काटा गया बिजली कनेक्शन 12 अप्रेल सुबह तक नहीं जोड़ा जा सका। मामले में सबसे खास बात यह रही कि विभागीय स्तर पर कुल बकाया राशि 3.10 लाख रुपए 10 अप्रेल को ही जमा करवा दिए गए।

पीडब्ल्यूडी (एनएच) बाड़मेर के अधिकारियों का कहना है कि बड़ा भुगतान का मामला कई बार सरकारी प्रक्रिया में अटक जाता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ, लेकिन डिस्कॉम जालोर की ओर से बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काट दिया गया। जिससे राहगीरों को ही दिक्कत हुई। यही नहीं जब हमने 10 अप्रेल को पूरा बकाया जमा भी करवा दिया है तो कनेक्शन नहीं जोड़ा गया।

ये भी पढ़ें

Udaipur News : आरके सर्कल का पूरा नक्शा बदलने की तैयारी, सड़कें होगी चौड़ी, जानें UDA का एक्शन प्लान

रिकनेक्शन चार्ज भी लगेगा

इस मामले में डिस्कॉम के अधिकारियों का कहना है कि बकाया राशि जमा होने की जानकारी नहीं मिली, इस कारण से कनेक्शन नहीं हो पाया। यदि राशि जमा है तो कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा। डिस्कॉम के अधिकारियों का कहना है कि पुल पर रोशनी पब्लिक इश्यू है। इसलिए बकाया राशि जमा होने के साथ कनेक्शन जुड़वा दिया जाएगा। लेकिन दूसरा पक्ष यह भी है कि कनेक्शन कटने के बाद री-कनेक्शन के लिए भी आवेदन करना होता है और उसकी एवज में 600 रुपए की रसीद कटती है।

अंधेरे में कार से ऑटो टकराया

8 अप्रेल की रात को पुल पर अंधेरा था, इसी पुल के चढ़ाई वाले एरिया के सामने ही एक ऑटो रिक्शा एक खड़ी कार से जा टकराया था। जिससे ऑटो रिक्शा चालक गंभीर घायल हो गया था। यह हादसा पुल पर अंधेरा होने और सामने से आ रहे वाहन की रोशनी में ऑटो रिक्शा चालक को खड़ी गाड़ी नजर नहीं आने से हुआ।

पत्रिका व्यू-रिकवरी का यह तरीका ठीक नहीं

नेशनल हाइवे से जुड़े इस महकमे के अधिकारी बाड़मेर बैठते हैं और वहीं से बकाया राशि और बिलों के भुगतान की प्रक्रिया होती है। बकाया सरकारी विभाग का ही था। लेकिन उसके बावजूद जनहित को दरकिनार करते हुए आनन फानन में बिजली का कनेक्शन काट दिया गया। दो जिम्मेदार विभाग के बीच संवाद के अभाव से ये हालात बने। 12 दिन बाद भी यही स्थिति रही। इस स्थिति में अहम पक्ष यह रहा कि 1 किमी लंबे पुल पर अंधेरा पसरा रहने से सर्वाधिक परेशानी इस मार्ग पर गुजरने वाले वाहन चालकों और अंडरब्रिज से कृषि मंडी तक अल सवेरे पहुंचने वाले सब्जी विक्रेताओं, किसानों और राहगीरों को हुई। भविष्य में संभावित इस समस्या से निपटने को विकल्प तलाशने होंगे।

इन्होंने कहा-

'सरकारी स्तर पर कई बार पेंमेंट देरी से जारी होता है। बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काटा था, अब हमनें चार दिन पूर्व राशि जमा करवा दी, उसके बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है।' -रोहिताश्वसिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी (एनएच)

'बकाया राशि पर कनेक्शन काटा गया था। राशि जमा होने की हमें सूचना नहीं दी गई है। यदि राशि जमा करवा दी गई है तो कनेक्शन शुरु करवा दिया जाएगा।' -प्रभात शर्मा, एईएन, डिस्कॉम, जालोर

ये भी पढ़ें

राजसमंद की सड़कों पर मिलेगी रफ्तार, कई मार्ग एमडीआर में बदले, पर्यटन-विकास को मिलेगा बढ़ावा
Updated on:
12 Apr 2026 05:47 pm
Published on:
12 Apr 2026 05:45 pm
Also Read
View All