जालोर

Rajasthan Crime: तालाब में मिला युवती का शव, परिजनों ने गांव के ही युवक पर लगाया हत्या का आरोप

Jalore Crime: जालोर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तालाब में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।

2 min read
Apr 24, 2026
भीनमाल। मृतक युवती आरती उर्फ एश्वर्या। (File Photo Patrika)

Jalore Crime: भीनमाल। राजस्थान के जालोर जिले के सरथला गांव में ऐश्वर्या उर्फ आरती की मौत के बाद गांव में शुक्रवार को भी शोक की लहर है। गुरुवार को गमगीन माहौल में आरती का अंतिम संस्कार किया गया था। वह गांव के सरकारी विद्यालय में टीसी लेने गई थी, लेकिन उसका शव गांव के ​ही तालाब में तैरता हुआ मिला। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर भीनमाल के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

सर्वर डाउन होने के कारण उसे टीसी नहीं मिल सकी

परिजनों ने एक युवक पर युवती को परेशान करने व हत्या का अंदेशा जताते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक सरथला निवासी ऐश्वर्या उर्फ आरती (19) ने 12वीं उत्तीर्ण की थी और आगे की पढ़ाई के लिए जालोर जिले के सरथला के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टीसी लेने गई थी।

युवती भीनमाल के जीके गोवाणी राजकीय महाविद्यालय में एडमिशन लेना चाहती थी। बुधवार को सुबह 8 बजे घर से विद्यालय टीसी लेने निकली थी, विद्यालय भी पहुंची, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण उसे टीसी नहीं मिल सकी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वह सुबह करीब 9.25 बजे विद्यालय से निकल गई थी।

दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते-करते जब ग्रामीण गांव के तालाब के पास पहुंचे तो वहां उसकी चप्पल दिखाई दी। इसके बाद तालाब में देखा तो युवती का शव पानी पर तैरता मिला।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शाम करीब 8 बजे युवती के शव को तालाब से निकालकर शहर के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने एक युवक को भी दस्तयाब किया।

परिजन बोले: सालभर से परेशान कर रहा था युवक

परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक लंबे समय से युवती को परेशान कर रहा था। वह शादी का दबाव बनाता था और मना करने पर धमकियां देता था। परिजनों का कहना है कि इसी कारण युवती मानसिक तनाव में थी और उन्हें संदेह है कि युवक ने ही युवती की हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
24 Apr 2026 11:55 am
Published on:
24 Apr 2026 11:53 am
Also Read
View All