
जालोर. एसपी कार्यालय के बाहर ज्ञापन देने पहुंचा पीड़ित।
जालोर। राजस्थान के जालोर जिले के सायला थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपनी मंगेतर के अपहरण और उसे जबरन बंधक बनाए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है ।
तालियाणा निवासी ओबाराम ने बताया कि उसकी सगाई करीब 2 से 3 वर्ष पूर्व आकवा निवासी युवती के साथ हुई थी। आरोप है कि युवती के परिजन उसकी जबरन अन्यत्र शादी कराने का प्रयास कर रहे थे ।
युवक के अनुसार 20 अप्रेल की रात युवती उसके घर पहुंची और अपने परिजनों की ओर से जबरदस्ती शादी कराने की बात कही। इसके बाद दोनों विवाह के उद्देश्य से जोधपुर की ओर रवाना हुए, लेकिन 21 अप्रेल को रास्ते में युवती के परिजनों ने तीन गाड़ियों में पीछा कर उन्हें रोक लिया ।
आरोप है कि परिजनों ने दोनों को जबरन वालेरा गांव ले जाकर करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा तथा धमकाया। इस दौरान युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम एवं सायला थाने में फोन कर सहायता मांगी, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिली ।
युवक का यह भी आरोप है कि बाद में पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवती को मुक्त नहीं कराया गया, बल्कि उसे ही शांति भंग के आरोप में थाने ले जाकर गिरफ्तार कर लिया गया तथा उसके साथ मारपीट भी की गई ।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक जालोर, पुलिस महानिदेशक जयपुर एवं पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ अपहरण एवं बंधक बनाने का मामला दर्ज करने, निष्पक्ष जांच करवाने तथा युवती को तत्काल मुक्त कर उसके बयान दर्ज कर उसकी इच्छा अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है ।
Updated on:
24 Apr 2026 11:14 am
Published on:
24 Apr 2026 11:14 am
