
Rajasthan : जालोर. एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में एसओजी ने दो साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अतुल विश्नोई उर्फ श्रीराम विश्नोई निवासी श्रीराम दांतीवास गांव, थाना भीनमाल, जिला जालोर है। आरोपी पेपर लीक गिरोह के सरगना जगदीश विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका गैंग का सदस्य बताया गया है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी ने लीक प्रश्नपत्र जोधपुर के दिनेश विश्नोई को 15 लाख रुपए और सुभाष विश्नोई को 20 लाख रुपए में उपलब्ध कराया था। आरोपी ने जगदीश विश्नोई के हैंडलर के जरिए लिखित परीक्षा से पहले पेपर दोनों अभ्यर्थियों तक पहुंचाया था। इसके आधार पर दोनों का सब-इंस्पेक्टर पद पर अवैध रूप से अंतिम चयन हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया कि अतुल विश्नोई ने लीक प्रश्नपत्र पढ़कर 14 सितंबर 2021 को लिखित परीक्षा दी थी। उसने हिंदी विषय में 200 में से 160.98 और सामान्य ज्ञान में 200 में से 160.65 अंक प्राप्त किए थे। हालांकि, शारीरिक दक्षता परीक्षा में असफल रहने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो सका।
आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ 22 अप्रैल 2025 को कोर्ट से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। एसओजी ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। टीम ने 25 नवंबर को उसे गिरफ्तार किया। 26 नवंबर को कोर्ट में पेश करने पर आरोपी को 30 नवंबर तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर सौंपा गया।
मामले में मुख्य आरोपी जगदीश विश्नोई के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया जा चुका है। वहीं दिनेश विश्नोई, सुभाष विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका के खिलाफ पूरक आरोप पत्र भी कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं। प्रकरण में अब तक कुल 158 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।