जालोर

Rajasthan Crime: इनामी हिस्ट्रीशीटर टिकला आखिर पकड़ा गया, चर्चित हत्याकांड का है मुख्य आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन उर्फ टिकला चितलवाना थाना क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
2 min read
Feb 04, 2026
Rajasthan Police
प्रतीकात्मक तस्वीर-AI

सांचौर/ चितलवाना। चितलवाना थाना क्षेत्र के सेसावा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में सांचौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी व 5 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर सचिन उर्फ टिकला को गुजरात के सिद्धपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

यह वारदात 24 दिसंबर की रात की है, जब दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी। हमले में सेसावा निवासी बुजुर्ग महिला वाली देवी की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी।

इस संबंध में मृतका के बेटे हरीश ने चूनाराम, नैनाराम, देवाराम, नवलाराम सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित हरीश ने आरोपी सचिन बिश्नोई को मौके पर बुलाया था। सचिन अपनी थार गाड़ी लेकर पहुंचा और उसी गाड़ी से हरीश की मां वाली देवी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 11 मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन उर्फ टिकला चितलवाना थाना क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर आवडदान रतनू के निर्देश और वृताधिकारी सांचौर जयराम मुंडेल के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई थी। आरपीएस रवि मीणा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

वारदात में प्रयुक्त SUV जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एमओबी और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। हत्या में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की SUV को धनलक्ष्मी गैराज, सांचौर से जब्त किया गया है।

कई राज्यों में दी गई दबिश

आरोपी की तलाश में पुलिस ने राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में कई जगह दबिश दी। सीसीटीवी फुटेज और टोल नाकों के रिकॉर्ड खंगालने के बाद आखिरकार आरोपी को गुजरात के सिद्धपुर से गिरफ्तार करने में सफलता मिली। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Updated on:
04 Feb 2026 07:06 pm
Published on:
04 Feb 2026 06:49 pm