जांजगीर चंपा

सक्ती में फ्लोर्सपार पाउडर की आड़ में हो रही थी गांजा तस्करी, 1.44 करोड़ की खेप के साथ नाबालिग समेत 2 गिरफ्तार

Ganja Seizure Sakti: सक्ती पुलिस ने 26 घंटे की घेराबंदी के बाद ओडिशा से राजस्थान ले जाए जा रहे 208.965 किलो गांजा को जब्त किया।

2 min read
Chhattisgarh Ganja Smuggling
1.44 करोड़ का गांजा जब्त (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Ganja Smuggling: सक्ती जिले में नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही करीब 209 किलोग्राम गांजे की खेप को पुलिस ने जब्त करते हुए एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

Sakti Police: मुखबिर की सूचना पर रची गई रणनीति

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी फगुरम और थाना डभरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। 17 जून 2026 को चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रेलर में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल योजना तैयार की और एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के सामने खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।

ट्रेलर की तलाशी में निकली करोड़ों की खेप

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध टाटा सिगना ट्रेलर (RJ09GC 5216) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रेलर में रखी 8 प्लास्टिक बोरियों से कुल 40 पैकेट गांजा बरामद किया गया। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 5 किलोग्राम था। पुलिस द्वारा किए गए वजन में कुल 208.965 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 250 रुपये आंकी गई है।

Rajasthan Smuggler Arrested: ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर और मोबाइल भी जब्त

गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रेलर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ट्रेलर में मौजूद फ्लोर्सपार पाउडर, जिसकी कीमत 21 लाख 42 हजार 210 रुपये है, और आरोपियों के कब्जे से मिले वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सभी सामग्रियों का कुल मूल्य 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये आंका गया है।

राजस्थान के युवक समेत नाबालिग गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के अजमेर जिले के थाना जेवाजा क्षेत्र निवासी अर्पित सिंह (20 वर्ष), पिता रमेश सिंह, तथा उसके साथ मौजूद एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। यह कार्रवाई सक्ती पुलिस की हाल के समय की सबसे बड़ी मादक पदार्थ जब्ती कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है, जिसने ओडिशा से राजस्थान तक फैले अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।

Updated on:
18 Jun 2026 04:16 pm
Published on:
18 Jun 2026 04:11 pm