जांजगीर चंपा

VIDEO- किसी को कोई शक न हो इसलिए लगाते थे चाट-गुपचुप का ठेला, सिलसिलेवार चोरियों का क्राइम ब्रांच की टीम ने किया पर्दाफाश

- आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर सहित 70 हजार रुपए का माल बरामद किया गया है।

2 min read
Chhattisgarh News, Janjgir News, Crime, Janjgir Crime news, Janjgir-Champa, Janjgir news in hindi
किसी को कोई शक न हो इसलिए लगाते थे चाट-गुपचुप का ठेला, सिलसिलेवार चोरियों का क्राइम ब्रांच की टीम ने किया पर्दाफाश

बाराद्वार. सक्ती और बाराद्वार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में हुई सिलसिलेवार चोरियों का पर्दाफाश क्राईम ब्रांच की टीम ने कर दिया है। टीम ने मामले का खुलासा रविवार को किया। चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं, जो कि बाराद्वार के वार्ड नंबर एक में किराये के मकान में रह रहे थे।

आरोपियों पर किसी को कोई शक न हो इसके लिए उन लोगों ने दिन में चाट-गुपचुप, फल्ली व पॉपकॉन बेचने का कार्य किया। इसस वह मकान की रेकी भी अच्छी से कर लेते थे और जब टारगेट तय हो जाता था तो रात में वहां चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर सहित 70 हजार रुपए का माल बरामद किया गया है।

क्राईम ब्रांच प्रभारी विजय चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसपी नीतु कमल ने जिले में हो रही चोरियों को लेकर सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए और जल्द से जल्द आरोपियों को पकडऩे को कहा था। क्राईम ब्रांच की टीम आरोपियों को पकडऩे के लिए मुखबिर अलर्ट किए तो उन्हें पता चला कि बाराद्वार के वार्ड नंबर एक में रहने वाला युवक बृजभान भारती चोरी का मोबाइल चला रहा है।

क्राईम ब्रांच की टीम ने सक्ती पुलिस की मदद से बृजभान भारती को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो उसने विजय सरोज व राजपाल के साथ मिलकर सक्ती व बाराद्वार क्षेत्र में आठ चोरियां करना स्वीकार किया। इसमें छह चोरी सक्ती व दो चोरी बाराद्वार क्षेत्र में करना बताया गया। उसके कब्जे से चोरी का सैमसंग मोबाइल, एक जोड़ी सोने का झुमका, दो सोने की बाली, दो चांदी की पायल व नगदी सहित 70 हजार रुपए का माल जब्त हुआ।

आरोपी विजय सरोज उर्फ गुड्डू, उसकासाला बृजभान भारती व राजपाल उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं और बाराद्वार के वार्ड नंबर एक में किराए के मकान में रहते थे। इस कार्रवाई में क्राईम ब्रांच प्रभारी के अलावा प्रआ. मुकेश पाण्डेय, प्रआ मनोज तिग्गा, आरक्षक दामोदर जायसवाल, राजेश धिरहे, दुर्गेश खूंटे, राघवेन्द्र धृतलहरे, रोहित कहरा, गौरीशंकर राय, विवेक ठाकुर, सुरेन्द्र खरे, सक्ती थाना प्रभारी एमपी टंडन, एसआई एससी चौहान, आरक्षक महेन्द्र राठौर व बाराद्वार पुलिस का योगदान रहा।

दो आरोपी चले गए थे यूपी
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दो आरोपी उत्तर प्रदेश अपने घर चले गए थे। इससे पुलिस उन्हें पकडऩे के लिए उनकी तलाश कर रही है। जल्द ही पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश आरोपियों को पकडऩे के लिए जाएगी। इधर पकड़े आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Published on:
21 May 2018 01:10 am