पुलिस आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार करे, नहीं तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा
जांजगीर-चांपा. तीन दिन पहले चंद्रपुर के माधव मेडिकल स्टोर में आगजनी की वारदात को अंजाम देने वालों को बेनकाब करने के लिए चंद्रपुर के व्यवसायियों ने बुधवार को नगर बंद कर दिया। व्यवसायियों का कहना है कि पुलिस आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार करे, नहीं तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
इतना ही नहीं 10 दिन बाद चक्काजाम किया जाएगा। इस दौरान बुधवार को नगर के लोगों में रोष व्याप्त था और पूरे नगर में व्यवसायियों ने अपनी दुकाने बंद रखी। नगर में शांति का माहौल था। पुलिस ने भी बंद के दौरान पर्याप्त संख्या में बल की व्यवस्था कर ली थी।
गौरतलब है कि चंद्रपुर में माधव मेडिकल स्टोर के नाम बड़ी दवा दुकान संचालिक की जा रही थी। व्यवसयिक प्रतिस्पर्धा के चलते कुछ लोगों की मेडिकल स्टोर संचालक माधव पटेल से दुश्मनी पाल लिया था और शनिवार -रविवार की दरमियानी रात माधव पटेल के मेडिकल स्टोर में सेंधमारी कर अज्ञात आरोपी अंदर घुसे और पेट्रोल व मिट्टी तेल छिड़कर उसकी दुकान को आग के हवाले कर दिया था। आगजनी से उसकी पूरी दुकान जलकर खाक हो गई थी। दुकान में तकरीबन ४० से ४५ लाख रुपए की दवा रखी थी जो जलकर खाक हो गया।
व्यवसायियों में इस बात का रोष व्याप्त था कि इतनी बड़ी आगजनी की घटना नगर में पहले कभी नहीं हुई थी, यह दुर्भाग्य जनक है। जिससे व्यवसायी एकजुटता का परिचय देते हुए बुधवार को नगरबंद का ऐलान किया और पूरी दुकानें बंद रखी। बताया जा रहा है कि माधव पटेल सज्जन व्यक्तियों में से हैं और उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी।
इसके बाद भी व्यवसयिक प्रतिस्पर्धा के चलते कुछ लोगों की मेडिकल स्टोर को आग लगा दी जो दुर्भाग्य की बात है। इससे पहले नगर के व्यवसायियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन व नगर बंद की चेतावनी को लेकर एसडीएम डभरा व चंद्रपुर एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा था। इधर पुलिस व एसडीएम व्यवसायियों को मनाते आ रही थी कि नगर बंद न किया जाए। क्योंकि इससे आमजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन व्यवसायियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए स्व स्फूर्त नगर बंद किया था।
...तो 10 दिन बाद करेंगे चक्काजाम
नगर के व्यवसायियों ने बताया कि पुलिस व प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया जाता है कि वे आरोपियों को बेनकाब करे। नहीं तो चंद्रपुर सारंगढ़ मुख्य मार्ग में चक्काजाम किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदार पुलिस व प्रशासन की होगी। गौरतलब है कि सप्ताह भर बाद नवरात्रि का पर्व शुरू होने वाला है। प्रदेश का दूसरे नंबर का सबसे बड़ा नवरात्रि का पर्व चंद्रपुर के चंद्रहासिनी मंदिर में बनाया जाता है।
यहां हर रोज लाखों की तादात में श्रद्धालु देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे समय में यदि चक्काजाम किया जाएगा तो पूरे प्रदेश की जनता परेशान होगी। ऐसी स्थिति में पुलिस व प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। जिससे निपटने के लिए पुलिस आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।