
Chhattisgarh Paddy Procurement: धान खरीदी शुरू हुए 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन जांजगीर-चांपा जिले के 130 उपार्जन केंद्रों में अब तक धान का एक दाना भी नहीं पहुंचा है। स्थिति यह है कि जिले के केवल चार उपार्जन केंद्रों में ही धान खरीदी शुरू हो पाई है। दूसरी ओर, किसानों को ऑनलाइन टोकन कटवाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि फिलहाल एक उपार्जन केंद्र में प्रतिदिन 200 क्विंटल खरीदी की लिमिट तय की गई है। इसके चलते किसानों को टोकन मिलने में परेशानी हो रही है। खरीदी की अंतिम तारीख यानी 15 जनवरी तक के ऑनलाइन टोकन बुक हो चुके हैं। अब पोर्टल पर टोकन के लिए स्लॉट उपलब्ध नहीं दिख रहे हैं। इससे किसान परेशान हैं। दूसरी ओर, समितियों में धान की आवक नहीं होने के कारण खरीदी की तैयारियां भी गति नहीं पकड़ पाई हैं। किसान ऑफलाइन टोकन कटवाने के लिए समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन वहां भी टोकन नहीं कट पा रहे हैं। आने वाले दिनों में किसानों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।
चक्रवात और बेमौसम बारिश के चलते खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल अब तक खलिहानों तक नहीं पहुंच पाई है। करीब 80 प्रतिशत फसल की कटाई भी नहीं हुई है। ऐसे में दिसंबर महीने से ही उपार्जन केंद्रों में धान की आवक शुरू होने की संभावना है। यदि एक साथ बड़ी मात्रा में धान केंद्रों तक पहुंचता है तो खरीदी व्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो सकती है। इस बार धान खरीदी की अवधि भी 15 दिन कम कर दी गई है। खरीदी की अंतिम तारीख 15 जनवरी तय की गई है।
शासन ने इस बार भी किसानों के लिए धान बेचने टोकन व्यवस्था अनिवार्य रखी है। इसके तहत किसान 70 प्रतिशत धान के लिए ऑनलाइन और 30 प्रतिशत के लिए ऑफलाइन यानी समिति में जाकर टोकन कटवा सकते हैं। लेकिन ऑनलाइन पोर्टल पर 15 जनवरी तक के सभी स्लॉट फुल दिखाई दे रहे हैं।
इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल खरीदी की लिमिट कम होने के कारण किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहे हैं। प्रतिदिन खरीदी की लिमिट 2 लाख क्विंटल तक बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। लिमिट बढ़ते ही किसानों को दोबारा ऑनलाइन टोकन मिलने शुरू हो जाएंगे।
रेवती रमन कश्यप, नोडल अधिकारी के मुताबिक, अभी जांजगीर-चांपा जिले के चार केंद्रों में ही धान खरीदी शुरू हुई है। लिमिट कम होने के कारण टोकन नहीं कट पा रहे हैं। प्रतिदिन 2 लाख क्विंटल तक खरीदी की लिमिट बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। लिमिट बढ़ते ही किसानों को टोकन मिलने शुरू हो जाएंगे।