जांजगीर चंपा

अब 25 दिन में बुक कर सकेंगे अगला गैस सिलेंडर, जांजगीर-चांपा के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

25 Days LPG Booking: घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब एक सिलेंडर लेने के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
2 min read
LPG Cylinder Booking
घरेलू गैस सिलेंडर। फाइल फोटो- पत्रिका

LPG Cylinder Booking: घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर लेने के बाद अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिन का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गैस सिलेंडर की दो बुकिंग के बीच की अवधि घटाकर 25 दिन कर दी गई है। इससे जांजगीर-चांपा जिले के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, लंबे समय से 45 दिन की बाध्यता उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। खासकर ऐसे परिवार, जिनका गैस कनेक्शन ग्रामीण क्षेत्र में दर्ज है, लेकिन वे वर्तमान में शहरों में रह रहे हैं, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। परिवार में सदस्यों की संख्या अधिक होने या गैस की खपत ज्यादा होने पर एक सिलेंडर खत्म होने के बाद भी अगली बुकिंग के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। 45 दिन की समय-सीमा के कारण कई बार घर में सिलेंडर खत्म होने के बाद भी उपभोक्ता तत्काल दूसरा सिलेंडर नहीं मंगा पा रहे थे। ऐसे में उन्हें वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ता था।

ग्रामीण पते पर कनेक्शन और शहर में निवास करने वाले उपभोक्ताओं की समस्या इस व्यवस्था में और बढ़ जाती थी। अब 25 दिन में दोबारा सिलेंडर बुक करने की अनुमति मिलने से उपभोक्ताओं को इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी। ग्रामीण धुरकोट गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि आदेश आ चुका है। अब 25 दिन में गैस बुकिंग कराई जा सकती है। बुकिंग के बाद तत्काल गैस सिलेंडर मिल जाएगा। फिलहाल पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर पहुंच रहे हैं और कहीं कोई समस्या नहीं है।

20 दिन कम होने से मिलेगी बड़ी राहत

अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद गैस सिलेंडर की स्थिति को लेकर ऐसा निर्णय लिया गया था। पहले जहां उपभोक्ताओं को दो सिलेंडरों के बीच 45 दिन का इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब यह अवधि घटकर 25 दिन हो गई है। यानी उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में 20 दिन पहले ही अगला सिलेंडर बुक कराने की सुविधा मिलेगी।

Updated on:
11 Sept 2026 05:52 pm
Published on:
11 Sept 2026 05:52 pm