
Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ केजांजगीर जिले में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली और प्री-मानसून बारिश ने जोरदार दस्तक दी। पिछले करीब आधे घंटे से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है, वहीं दूसरी ओर जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। आसमान में घने बादल छाने के बाद शुरू हुई बारिश इतनी तेज रही कि कुछ ही देर में कई इलाकों में पानी भर गया और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई।
बारिश के चलते मुख्य बाजारों और व्यस्त इलाकों में आवाजाही धीमी पड़ गई। कई जगहों पर वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थान तलाशने पड़े। अचानक मौसम बदलने से लोगों को अपने रोजमर्रा के काम रोकने पड़े और कई लोग बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए।
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया था। विभाग की यह चेतावनी अब जांजगीर में पूरी तरह सही साबित हो रही है। आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। हालांकि बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन जलभराव और यातायात प्रभावित होने से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। प्रशासन और स्थानीय निकायों से उम्मीद की जा रही है कि पानी निकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त की जाएगी ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।
रायपुर में गुरुवार की रात अंधड़ के साथ तेज बारिश हुई। अंधड़ के कारण कई जगह पोस्टर व होर्डिंग फट या उड़ गए हैं। पेड़ों की डालियां भी टूटी हैं। बीती रात महज 1.1 मिमी पानी गिरा। जबकि प्रदेश के विभिन्न जिलों में झमाझम बारिश हुई है। यह प्री मानसून बारिश है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में मानसून (Monsoon) बस्तर संभाग में दस्तक दे सकता है। इसमें एक दिन की देरी हो चुकी है। राजधानी में 15 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है। वहीं शुक्रवार को अंधड़ के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
प्रदेश में प्री मानसून बारिश का दौर शुरू हो गया है। हालांकि रायपुर व इसके आसपास कम बारिश हो रही है, लेकिन बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में कोंटा व गरियाबंद में 5-5 सेमी पानी बरस गया।
मैनपुर में 4, गादीरास, बड़े बचेली, सुकमा, नानगुर में 3-3, छोटेडोंगर, नरहरपुर, कांकेर, दरभा, बड़े राजपुर, चारामा, जगदलपुर, बस्तर, जगरगुंडा, छुरा, केशकाल, भानपुरी व तोकापाल में 2-2 सेमी बारिश रिकार्ड की गई। उसूर, पाटन, छिंदगढ़, कोमाखान, भोपालपट्टनम, कुकरेल, सरोना, ताेंगपाल, बेलरगांव, बालोद, नगरी, दंतेवाड़ा, माकड़ी, दुर्ग, मनोरा, लोहंडीगुड़ा व कुआंकोंडा में एक-एक सेमी पानी गिरा। कई स्थानों पर इससे कम बारिश हुई।