दोनों के बीच आए दिन इस बात को लेकर विवाद
जांजगीर-चांपा. नवागढ़ थानांतर्गत ग्राम चौराभांठा के महिला सरपंच ने अपने पति को शराब पीने से मना किया तो उसने फांसी के फंदे पर झूल गया। हालांकि दोनों के बीच आए दिन इस बात को लेकर विवाद होते रहता था। दो दिन पहले भी इसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ और सरपंच पति को पत्नी की बात नागवार गुजरी और यह कदम उठा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना शुक्रवार की रात की 10 बजे की है।
नवागढ़ पुलिस के मुताबिक चौराभाठा ग्राम पंचायत का सरपंच पति हरनारायण सहिस आदतन शराबी था। वह ग्राम पंचायत के पैसो से गुलछर्रे उड़ाता था। उसकी आदतों को लेकर पूरे ग्राम पंचायत के लोग परेशान थे। इतना ही नहीं उसके घर परिवार वाले भी अच्छे खासे परेशान थे। उसकी पत्नी सरपंच है और लोगों के ताने से वह भी परेशान थी। दो दिन पहले महिला सरपंच ने अपने पति से कहा कि तुम शराब मत पिया करो।
समाज में हमारे प्रति लोगों का नजरिया बेहद खराब हो चुका है। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। बहस होने के बाद महिला सरपंच अपने मायके चली गई। पत्नी के मायके जाने के बाद पति हरनारायण और अधिक शराब पीने लगा। हर रोज की तरह वह शुक्रवार की रात और अधिक छककर शराब पी लिया।
घर में अकेला था उसके घर के लोग उसे खाना खिलाए। इसके बाद वह फिर रात को घर के बाहर चला गया। शनिवार की सुबह गांव के लोग उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ में लटकते देखी। गांव में सरपंच पति के द्वारा फांसी लगने की सूचना से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना नवागढ़ पुलिस को दी। नवागढ़ पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया है।